हंगामा है क्यों बरपा! स्पीकर ने दी विपक्ष को आचरण सुधारने की नसीहत, जानें राजस्थान विधानसभा सत्र के पहले दिन का हाल

Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा सत्र के पहले दिन कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. टीकाराम जूली व सचिन पायलट सहित कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की. शोकाभिव्यक्ति में झालावाड़ स्कूल हादसे का जिक्र न होने पर सरकार को घेरा.

हंगामा है क्यों बरपा! स्पीकर ने दी विपक्ष को आचरण सुधारने की नसीहत, जानें राजस्थान विधानसभा सत्र के पहले दिन का हाल
Image Credit: rajasthan vidhansabha session

Rajasthan Vidhansabha: राजस्थान की 16वीं विधानसभा के चौथे सत्र का आज पहला ही दिन हंगामेदार रहा. कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष ने विधानसभा में सरकार के खिलाफ जमकर हंगामा किया. स्पीकर ने भी विपक्ष को आचरण सुधारने तक की नसीहत दे डाली.

वोट चोरी की टी-शर्ट विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी विधायक
हाथ में पोस्टर, जुबां पर नारे, पहले ही दिन विपक्ष ने आज सदन में आक्रामक तेवर दिखाए. कथित वोट चोरी से जुड़े नारे लिखी टी-शर्ट पहनकर कांग्रेसी विधायक सदन में पहुंचे. जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में नारेबाजी शुरू हो गई. आसन ने कई बार कड़ी चेतावनी दी, पर विपक्ष आसन की मर्यादा का ख्याल रखता नजर नहीं आया.

Add Zee News as a Preferred Source

सभी कांग्रेसी विधायकों ने किया हंगामा
विधानसभा के मॉनसून सत्र के शुरुआती तेरह मिनट लगातार हंगामा होता रहा. जूली से लेकर पायलट तक, रीटा चौधरी से लेकर रोहित बोहरा तक, सब सत्तापक्ष को घेरने में जुटे थे. सत्तापक्ष के विधायकों ने भी जमकर विपक्ष को कोसने में कोई कमी नहीं छोड़ी. दूसरी ओर स्पीकर वासुदेव देवनानी सदन की कार्यवाही चलाते रहे. हंगामे के बीच राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़े अध्यादेश समेत कई विधेयक सदन की पटल पर रखे गए.

शोकाभिव्यक्ति की गई प्रकट
इसके बाद सदन में दिवंगत नेताओं के प्रति शोकाभिव्यक्ति प्रकट की गई. इनमें पूर्व विधायक और चार बार के सांसद कर्नल सोनाराम, पूर्व मंत्री मदन कौर, सतपाल मलिक, किशनाराम नाई, शिबू सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर गिरिजा व्यास को सदन ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी. वहीं पहलगाम की आतंकी घटना के मृतकों के साथ उत्तराखंड और हिमाचल तथा जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से हुए भूस्खलन और बाढ़ में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई. अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वालों को भी राजस्थान विधानसभा ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

झालावाड़ स्कूल हादसे पर विपक्ष ने घेरा
झालावाड़ में स्कूल की छत गिरने से हुई बच्चों की मौत का जिक्र शोकाभिव्यक्ति के दौरान नहीं होने से विपक्ष ने सरकार को फिर जमकर कोसा. विपक्ष बोला – सरकार की आंख का पानी मर गया है. सरकार की ओर से मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा – विधानसभा स्पीकर तय करते हैं कब शोकाभिव्यक्ति दी जानी है. इसमें कोई बड़ी बात नहीं है.

विपक्ष हंगामे के लिए दिख रहा तैयार
बहरहाल, विपक्ष ने साफ संकेत दे दिए हैं कि वह सत्र के आगामी दिनों में सरकार को चैन से नहीं बैठने देगा. सत्तापक्ष विपक्ष के हर हमले का जवाब देने के लिए कमर कसकर तैयार है. जाहिर है, स्थानीय निकाय और पंचायतीराज चुनाव से पहले पक्ष-प्रतिपक्ष में रोजाना खासी गर्मागर्मी देखने को मिलेगी. प्रदेश की जनता के लिए यही बेहतर है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को विपक्ष उठाए और सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ उनका जवाब दे.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Politics News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author