&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: रेल मदद एप और पोर्टल, 139 हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त शिकायतों के समाधान में उत्तर-पश्चिम रेलवे बेहतर कार्य कर रहा है. उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन की तरफ से शिकायतों का समाधान महज 24 मिनट में किया जा रहा है. शिकायतों के निपटान समय में पूरे भारतीय रेलवे में उत्तर-पश्चिम रेलवे दूसरे स्थान पर रहा है.
यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर कराने के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे प्रशासन बेहतर कार्य कर रहा है. रेलवे प्रशासन द्वारा 'रेल मदद' पोर्टल व एप पर 24 घंटे रेल यात्रियों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. वर्तमान में उत्तर पश्चिम रेलवे रेल मदद पर प्राप्त शिकायतों का समाधान 24 मिनट में कर रहा है. कम समय में शिकायत निस्तारण को लेकर संपूर्ण भारतीय रेलवे में उत्तर-पश्चिम रेलवे दूसरे स्थान पर रहा है.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 139 की तरह शिकायत व सुझाव के सभी माध्यमों जैसे X यानी ट्विटर, फेसबुक, रेलवन ऐप आदि को 'रेल मदद' पोर्टल व उसके एप में समायोजित किया गया है. इस पोर्टल पर रेलवे संबंधित सुझाव को भी स्वीकार किया जाता है. यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे लगातार प्रयास कर रहा है.
इसी दिशा में रेल मदद पोर्टल व एप एक सराहनीय कदम है. रेलवे ने हर समस्या के निस्तारण की समय सीमा भी निर्धारित कर दी है. निर्धारित समय में समाधान नहीं हुआ, तो शिकायत उच्च अधिकारी तक पहुंचती जाएगी. जवाबदेही भी तय होती है, साथ ही निस्तारण की सूचना भी शिकायतकर्ता को देते हुए उससे फीडबैक भी मांगा जाता है.
शिकायतों पर क्विक रिस्पॉन्स
महाप्रबंधक अमिताभ के निर्देशन में उत्तर-पश्चिम रेलवे की सक्रियता
इस वर्ष 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक मिली 43524 शिकायतें
इन सभी शिकायतों पर रेलवे प्रशासन द्वारा तुरंत कार्यवाही की गई
औसतन 24 मिनट में किया गया शिकायतों का समाधान
यात्रियों के फीडबैक का उत्कृष्ट/संतोषजनक का प्रतिशत 84.40 रहा
वर्ष 2024-25 में NWR पर 102011 शिकायतें मिली थी
औसतन 26 मिनट में समाधान कर पिछले साल NWR था दूसरे नंबर पर
रक्षाबंधन पर जयपुर मंडल पर रहा यात्रियों का अतिरिक्त भार
1 से 11 अगस्त तक 11 दिन में जयपुर मंडल पर 4536 शिकायतें
मंडल द्वारा औसतन 26 मिनट में किया गया निस्तारण
इनमें से 1630 शिकायतें जयपुर मंडल की थी, जिनका निस्तारण किया गया
अन्य 2906 शिकायतों को निस्तारण हेतु संबंधित मंडल को भेजा गया
रेल मदद एप के माध्यम से यात्री टिकट की स्थिति, ट्रेन का लाइव स्टेटस देख सकते हैं. साथ ही शिकायत दर्ज करना, खानपान की सुविधा, साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं दर्ज कर सकते हैं. वहीं, आपातकालीन स्थिति में सहायता जैसी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं.
इसके अलावा यात्री एप पर अपनी शिकायत का ट्रैक भी रख सकते हैं और समाधान की स्थिति जान सकते हैं. यह सेवा यात्रियों को रेलवे से सीधे जोड़ने और पारदर्शिता बढ़ाने का कार्य कर रही है. रेल मदद एप का प्रयोग हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में किया जा सकता है. कुलमिलाकर यह सेवा फिलहाल यात्रियों के लिए काफी बेहतर साबित हो रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!