Rajasthan News: आने वाले समय में राजस्थान के छोटे शहरों और ग्रामीण कस्बाई क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड नजर आएंगे. राजस्थान रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डों के निर्माण कार्य को लेकर कवायद तेज कर दी है.
Trending Photos

Rajasthan News: आने वाले समय में राजस्थान के छोटे शहरों और ग्रामीण कस्बाई क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड नजर आएंगे. राजस्थान रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डों के निर्माण कार्य को लेकर कवायद तेज कर दी है. फिलहाल रोडवेज के 28 बस स्टैंड का मरम्मत और विकास का कार्य शुरू हो चुका है.
राजस्थान रोडवेज प्रशासन ने प्रदेश में बस अड्डों के कायाकल्प की शुरुआत कर दी है. माना यह जाता है कि बस स्टैंड केवल जिला मुख्यालयों या बड़े शहरों में ही बनाए जाते हैं. लेकिन रोडवेज प्रशासन अब आम जन की सुविधा के लिए यह नजरिया बदल रहा है. अब छोटे शहरों या कस्बों में भी रोडवेज के बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं के साथ बनाए जा रहे हैं.
यानी कस्बों के बस स्टैंड पर बस पकड़ने के लिए अब यात्रियों को इंतजार करने के लिए पर्याप्त कुर्सियां तो मिलेंगी ही, साथ ही साफ स्वच्छ शौचालय, खान-पान और खरीदारी करने के लिए पर्याप्त दुकानें उपलब्ध रहेंगी. बस स्टैंड बीओटी आधार पर बनेंगे, उन पर तो शॉपिंग मॉल्स जैसी सुविधाएं दिखाई देंगी. दरअसल बजट घोषणा के तहत राज्य सरकार ने रोडवेज को नई बसें खरीद के लिए तो बजट आवंटित किया ही है, साथ ही बस अड्डों के विकास और कार्यशालाओं की मरम्मत के लिए भी फंड दिए हैं.
रोडवेज के पास कई जगह कस्बाई इलाकों में जमीन नहीं होने की वजह से बस स्टैंड विकसित करने में समस्या आ रही है. इन शहरों या कस्बों में जमीन आवंटन के लिए रोडवेज प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं.
कौन से शहर, कस्बों में बन रहे नए बस स्टैंड ?
डीग के कामां में 1.65 करोड़ से बन रहा नया बस स्टैंड.
भरतपुर के रूपवास में 1.65 करोड़ से बन रहा नया बस स्टैंड .
डीग जिले में 2.75 करोड़ से बनाया जा रहा नया बस स्टैंड.
भीलवाड़ा के बनेडा, बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़, दौसा के महुवा में बन रहे.
करौली के सपोटरा, सीकर के खंडेला और झालावाड़ के मनोहरथाना में बन रहे.
प्रत्येक बस स्टैंड निर्माण कार्य पर 1.65 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
नागौर के खींवसर में 1.65 करोड़ राशि से बस स्टैंड बनाया जा रहा.
इन जगहों पर मार्केटिंग बोर्ड करेगा बस स्टैंड के लिए सर्वे
पचपदरा (बालोतरा), शिवगंज (सिरोही), बिलाडा, आहोर (जालौर) में बनेंगे
लाडनू (डीडवाना-कुचामन), हनुमानगढ़, केकड़ी (अजमेर) में बस डिपो
गंगापुरसिटी (सवाईमाधोपुर), निवाई, कोटड़ा, बयाना और झाड़ौल में बनेंगे
कुल मिलाकर अब छोटे शहर और कस्बे भी रोडवेज के लिए महत्वपूर्ण हो गए हैं.
इसका फायदा यह होगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी. इससे स्थानीय लोगों को बसों से आवागमन में सुविधा मिलेगी. आने वाले समय में रोडवेज प्रशासन के बेड़े में कुल बसों की संख्या में भी खासी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.