Rajasthan News: वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना ने इस बार राजस्थान के बुजुर्गों के दिल में एक नया उत्साह भर दिया है. प्रदेश के कोने-कोने से 1 लाख 84 हजार 494 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan Senior Pilgrimage Scheme-2025: जिंदगी का एक लंबा सफर काटने के बाद, अब बारी है एक ऐसे सफर की जो सिर्फ पैरों से नहीं, दिल से तय होगा. राजस्थान में वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना ने बुजुर्गों के दिलों में नई उड़ान भर दी है. आंखों में आस्था और मन में भगवान से मिलने का सपना, जिंदगी की भागदौड़ में अपने सपनों को टालते-टालते इन बुजुर्गों की आंखों में अब एक ही ख्वाहिश है भगवान के दरबार तक पहुंचने की.
इस बार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए 1 लाख 84 हजार से ज्यादा पंजीकरण हुए. देवस्थान विभागीय पोर्टल के मुताबिक ये पंजीयन एक लाख पंद्रह हजार तीन सौ दो आवेदन पत्रों के जरिये हुए हैं. सबसे ज्यादा दीवानगी है नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की हवाई यात्रा की. सिर्फ 6 हजार सीटों के लिए 85 हजार 36 आवेदन. ये बताते हैं कि आस्था की प्यास उम्र नहीं देखती. अब तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि खत्म होने के बाद लॉटरी निकाली जाएगी. योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त तक थी. अब तय सीटों के लिए तीर्थयात्रियों का चयन लॉटरी से होगा. हालांकि विभाग ने अभी इसकी तिथि निर्धारित नहीं की है.
वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के लिए प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 हजार 378 आवेदन जयपुर और सबसे कम 449 आवेदन जैसलमेर से हुए हैं. जयपुर में 18 हजार 423 और फलोदी में महज 721 यात्रियों के आवेदन हुए हैं. योजना के तहत देवस्थान विभाग 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल से देश के तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाएगा. वहीं छह हजार सीनियर सिटीजन को प्लेन से काठमांडू पशुपतिनाथ की यात्रा करवाएगा. इस यात्रा के लिए रेलमार्ग से रामेश्वरम- मदुरई वरिष्ठ नागरिकों की पहली और बिहार शरीफ अंतिम पसंद रहा है. रामेश्वरम के लिए 44 हजार 596 और बिहार शरीफ के लिए महज 96 नागरिकों ने ही आवेदन किया है. रामेश्वरम के बाद जगन्नाथ पुरी- कोणार्क व गंगासागर की यात्रा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता मिली है.
बहरहाल, अब जबकि आवेदन की अंतिम तारीख निकल चुकी है. अगला कदम है लॉटरी, जिसके बाद तय होंगे वे खुशकिस्मत, जो इस सपनों के सफर पर निकल पाएंगे. यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, यह आस्था का वो पुल है जो बचपन से बुढ़ापे तक के सफर को भगवान के चरणों में खत्म करता है. भगवान का आशीर्वाद और दिल में तृप्ति. शायद यही है इस यात्रा का असली टिकट और सबसे बड़ी मंजिल भी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!