&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaipur News: एसओजी ने फर्जी दस्तावेज और डमी कैंडिडेट के सहारे सरकारी नौकरी प्राप्त करने वाले विभिन्न जिलों में कार्यरत 121 शिक्षकों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र रचने का मामला दर्ज किया है. प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई राज्य सरकार के कार्मिक विभाग के निर्देशों पर की गई है, जो कि पिछले पांच वर्षों में हुई शिक्षकों की भर्तियों की व्यापक जांच के बाद सामने आई है.
DIG परिस देशमुख ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले वर्ष आदेश जारी कर सभी विभागों को निर्देशित किया था कि वे साल 2019 से 2024 के बीच नियुक्त हुए कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता, आवेदन पत्र, फोटो और हस्ताक्षरों का मिलान करते हुए सत्यापन करें. इस आदेश के तहत प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर ने संभाग स्तर पर चार सदस्यीय जांच समितियां गठित की.
इन समितियों ने बीकानेर, चूरू, जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और पाली संभाग से प्राप्त जांच रिपोर्टों के आधार पर 121 कर्मचारियों की भर्ती में गंभीर अनियमितताएं पाई गई. जांच रिपोर्ट के अनुसार खुलासा हुआ है कि कई उम्मीदवारों ने 2016, 2018 और 2021 की शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए. कुछ मामलों में तो डमी कैंडिडेट को परीक्षा में बैठाया गया. जांच में फोटो, हस्ताक्षर और रीट पात्रता प्रमाण पत्रों में विसंगतियां सामने आईं.
जांच में खुलासा हुआ है कि सबसे ज्यादा संदिग्ध शिक्षक जालोर जिले से सामने आए हैं. इनमें से कुछ 2016 और 2021 की भर्तियों में चयनित हुए थे और वर्तमान में विभिन्न स्कूलों में कार्यरत हैं. एसओजी ने 121 शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!