Trending Photos

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में गर्मी ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया है. राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. भीषण हीट वेव के कारण आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी कर दिया है. बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है. जैसलमेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़ और कोटा सहित कई जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अन्य स्थानों पर यह 42 से 44 डिग्री के बीच रहा.
राज्य के 19 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. इन जिलों में येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट प्रभावी है। येलो अलर्ट अजमेर, बूंदी, जयपुर, झुंझुनू, सीकर, टोंक, उदयपुर, चूरू, हनुमानगढ़, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली जिलों के लिए जारी किया गया है. वहीं, बाड़मेर, जैसलमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बीकानेर और श्रीगंगानगर में ऑरेंज अलर्ट लागू है.
हालांकि, इस भीषण गर्मी के बीच कुछ राहत की खबर भी सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है. जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान मेघ गर्जन, झोंकेदार हवाएं और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं. इन इलाकों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है. अलवर, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर सहित कई जिले इस संभावित मौसम परिवर्तन से प्रभावित हो सकते हैं. बारिश से गर्मी में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है, हालांकि इसके बाद फिर से मौसम शुष्क हो सकता है.