Trending Photos

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम का मिजाज फिर से बदलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है. इसी के साथ, 3 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है. पिछले दिनों के मुकाबले अब सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन दिन के समय तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि पाली और फतेहपुर सीकर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. पिछले 2-3 दिनों में पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने के कारण तापमान में भी वृद्धि देखी जा रही है.
जयपुर मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. 2 और 3 अप्रैल को विशेष रूप से कोटा और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है. इसके अलावा, 3 अप्रैल को 11 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बनने की आशंका है, जिसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग द्वारा जिन 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर और टोंक शामिल हैं. इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.
राजस्थान के तापमान में आने वाले दिनों में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं. मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में और वृद्धि हो सकती है. इसके साथ ही हल्की बारिश और मेघ गर्जन के कारण मौसम में ठंडक भी महसूस की जा सकती है.