&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजधानी के एक परिवार के तीन बच्चे नितिन, मोहित और अरमान 14 अगस्त को अपने माता-पिता के पैर छूकर स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद से अब तक घर नहीं लौटे हैं. छह दिन बीतने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन गहरे सदमे में हैं. वहीं पुलिस की सुस्त कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी जताई जा रही है.
परिजनों ने बताया कि जब 14 अगस्त को बच्चे देर शाम तक घर नहीं लौटे तो वे थाने पहुंचे, लेकिन थाने में उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें टालते हुए कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस है, 16 को जन्माष्टमी और 17 को रविवार होने के कारण वे अगले दिन ही कार्रवाई शुरू करेंगे. मां का कहना है कि बच्चों के गायब होने की खबर सुनकर उसका कलेजा फट गया, लेकिन पुलिस ने संवेदनहीनता दिखाई. बच्चे के पिता और अन्य परिजन बीते कुछ दिनों से नेताओं के चक्कर काट रहे हैं कभी किसी भाजपा नेता से मिलते हैं तो कभी कांग्रेस नेता से, ताकि किसी तरह पुलिस हरकत में आए. इस बीच एक सनसनीखेज जानकारी यह भी सामने आई कि लापता मोहित के बैंक खाते से 1300 रुपए निकाले गए हैं, लेकिन पुलिस अब तक उस ट्रांजैक्शन की लोकेशन तक नहीं ट्रेस कर सकी है.
परिजन ने यह भी बताया कि मोहित के पिता के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था, "हम घर छोड़कर जा रहे हैं, हमें ढूंढने की कोशिश न करें, हम अपनी मर्जी से जा रहे हैं और 5 साल बाद लौटेंगे." हालांकि परिजन इस लेटर को बच्चों का लिखा नहीं मान रहे हैं, बल्कि इसे किसी अन्य व्यक्ति की साजिश बता रहे हैं. एडिशनल डीसीपी ललित कुमार का कहना है कि इस मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है, लेकिन पुलिस की धीमी गति से चल रही कार्रवाई से परिजनों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!