पूर्व CM के सुरक्षाकर्मी ने डेढ़ लाख में खरीदा लीक पेपर, फिर 6 लाख में बेचा

Jaipur News:  SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर मामले में SOG ने तीन आरोपियो को गिरफ्तार किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सुरक्षाकर्मी हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार यादव भी शामिल है. जानें पूरा मामला. 

पूर्व CM के सुरक्षाकर्मी ने डेढ़ लाख में खरीदा लीक पेपर, फिर 6 लाख  में बेचा
Image Credit: Jaipur NewsSource: ज़ी न्यूज़ डेस्क

Jaipur News: SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर की प्रकरण में SOG द्वारा गिरफ्तार किए गए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सुरक्षाकर्मी हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार यादव सहित तीनों आरोपियों से SOG मुख्यालय में लगातार पूछता जारी है. प्रकरण में राजकुमार यादव के बेटे भरत यादव और एक प्रोबेशनर SI सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है. हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार यादव कांग्रेस सरकार के दौरान मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात था और वर्तमान में भी वह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सुरक्षा में तैनात किया गया था.

SOG के DIG परिस देशमुख ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार यादव ने RPSC के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा के नजदीकी शिक्षक कुंदन पांड्या से परीक्षा से दो दिन पहले लीक पेपर प्राप्त किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

राजकुमार ने कुंदन पांड्या से डेढ़ लाख रुपये में लीक पेपर खरीदा था, जिसे राजकुमार ने आगे 6 लाख रुपये में अपने साथी कांस्टेबल सत्येंद्र यादव को बेचा था. इसके साथ ही अपने बेटे भारत और अपने एक अन्य परिचित रविंद्र को भी वही लीक पेपर उपलब्ध करवाया, जिसे पढ़कर तीनों ने लिखित परीक्षा पास की लेकिन फिजिकल टेस्ट के दौरान भरत यादव फेल हो गया.

वहीं, फिजिकल टेस्ट पास कर रविंद्र और सत्येंद्र SI बन गए. राजकुमार द्वारा रविंद्र को भी लीक पेपर बेचने की बात सामने आई है, हालांकि रविंद्र की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने कितने में लीक पेपर खरीदा था.

हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार यादव ने कांग्रेस सरकार के दौरान मुख्यमंत्री सुरक्षा में रहते हुए कई लोगों से अपने संपर्क स्थापित किए. इसी दौरान वह आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा और उनके नजदीकी शिक्षक कुंदन पांड्या के संपर्क में आया.

राजकुमार ने लीक पेपर प्राप्त कर क्या केवल अपने बेटे सहित तीन लोगों को ही दिया या उसे आगे किसी और को भी बेचा इसके संबंध में राजकुमार से पूछताछ की जा रही है. वहीं, पेपर लीक के संबंध में SOG के पास अभी कई शिकायतें पेंडिंग चल रही हैं, जिन पर स्पेशल टीम द्वारा काम किया जा रहा है. प्रकरण में आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां देखने को मिल सकती हैं. वहीं, रिमांड अवधि पूरी होने पर राजकुमार और उसके बेटे भरत को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा.

SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक प्रकरण में अब तक SOG 54 ट्रेनी SI को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं, इस पूरे प्रकरण में कुल 120 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, बड़ी संख्या में लोग अभी भी SOG की रडार पर हैं. देखना होगा कि प्रकरण में SOG की जांच और कितना आगे बढ़ती है. साथ ही इस पूरे प्रकरण में और कितने ऐसे चेहरे हैं, जिन्हें SOG बेनकाब करती है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़