Sikar News: सीकर के नीमकाथाना क्षेत्र में अप्रैल 2025 में अब तक 64.24 लाख यूनिट बिजली की खपत हो चुकी है. बीते साल इसी अवधि में 58.54 लाख यूनिट खपत रही थी.
Trending Photos

Sikar News: नीमकाथाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ बिजली की खपत में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. विद्युत विभाग के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 में अब तक 64.24 लाख यूनिट बिजली की खपत हो चुकी है, जबकि अप्रैल 2024 की इसी अवधि में यह खपत 58.54 लाख यूनिट रही थी. यानी केवल 15 दिनों में ही 9.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
बिजली की मांग में अचानक आई इस तेजी को देखते हुए विद्युत विभाग अलर्ट मोड में आ गया है. विभाग ने बिजली तंत्र के रखरखाव और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है, ताकि उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति मिलती रहे. विशेष रूप से लो वोल्टेज की समस्या से निपटने के लिए विभाग नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर लोड डिवाइड करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है.
अधिकारियों के अनुसार, इससे उन क्षेत्रों में राहत मिलेगी जहां वोल्टेज गिरने की शिकायतें अधिक आ रही थीं. सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि बढ़ती हुए गर्मी को ध्यान में रखते हुए विभाग पहले से तैयारियों में जुटा है, ताकि अचानक बढ़ने वाले लोड से विद्युत नेटवर्क प्रभावित न हो और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न झेलनी पड़े.
इमरजेंसी ब्रेकडाउन की स्थिति में त्वरित मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल किया जा रहा है. साथ ही, जिन क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या सामने आ रही है, वहां सुधारात्मक कार्य कर समस्या का समाधान किया जा रहा है.