Trending Photos

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेशभर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में हीटवेव (लू) चलने और तेज गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. अगले तीन दिनों तक प्रदेश में लू का असर देखा जा सकता है. इस दौरान प्रदेश के पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वी इलाकों के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
पिछले 24 घंटों में बाड़मेर में सबसे अधिक 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 41.4, कोटा में 41.1, वनस्थली में 40.1, जालौर में 40, पिलानी में 39, जयपुर में 38.6 और फतेहपुर में 38.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में तेज गर्मी का दौर शुरू हो चुका है.
मौसम विभाग ने 5 अप्रैल को बाड़मेर और जैसलमेर जिले में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, 6 अप्रैल को बीकानेर, जैसलमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, जोधपुर, बाड़मेर, कोटा और चित्तौड़गढ़ जिलों में भी लू चलने की चेतावनी दी गई है. लोगों को सलाह दी गई है कि वे दिन के समय धूप में बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ताकि लू और गर्मी से बचाव हो सके.