Trending Photos

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर देर रात कोटा संभाग में दिखने लगा. बारां और झालावाड़ के इलाकों में तेज आंधी के साथ कई जगह बादल छाए और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई. मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम का असर भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के जिलों में अधिक दिखाई देगा. इन क्षेत्रों में बादल छाने के साथ तेज आंधी चलने और कई जगह हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. यह मौसम बदलाव मुख्य रूप से अरब सागर से आए वेदर सिस्टम के प्रभाव के कारण हुआ है. यह सिस्टम मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से को भी प्रभावित कर रहा है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह नया सिस्टम दो दिन तक सक्रिय रह सकता है. 4 अप्रैल से इसका असर खत्म होने लगेगा और 5 अप्रैल से राजस्थान में फिर से गर्मी बढ़ने लगेगी. विशेषकर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में हीटवेव का दौर शुरू होने की आशंका है, जिससे तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान औसत से अधिक दर्ज किया गया है. जयपुर, पिलानी, सीकर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर में अधिकतम तापमान औसत से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जहां दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी का असर अधिक महसूस हुआ.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, टोंक, अजमेर, सवाई माधोपुर, जयपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. वहीं, 5 अप्रैल से राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में एक एंटी साइक्लोन सिस्टम बनने की संभावना जताई गई है, जिसके कारण जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में 5 अप्रैल को तथा बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में 6 अप्रैल को हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में इन इलाकों में गर्मी का प्रकोप और अधिक बढ़ने की आशंका है.