&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jalore News: राजस्थान के जालोर जिले में भीनमाल शहर के नवलकेश्वर कॉलोनी में पिछले लंबे समय से भयंकर पेयजल की समस्या बनी हुई है. पिछले 2 महीने से पेयजल की गंभीर समस्या के चलते स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. विभाग के लापरवाही के चलते समस्या का समाधान नहीं हो रहा है.
मोहल्ले के निवासी हीराचंद जोगाणी ने बताया कि पिछले 2 महीने से पूरे मोहल्ले में एक भी बूंद पानी नहीं आ रहा है, जिससे सभी निवासी को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. समस्या का संभावित कारण जानने के लिए पाइपलाइन खुदवा कर देखी गई, लेकिन सुधार नहीं हुआ.
उन्होंने बताया कि इस संबंध में राजस्थान सरकार की हेल्पलाइन पर शिकायत की गई और स्थानीय अधिकारियों को भी अवगत करवाया, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इस गंभीर पेयजल समस्या के कारण स्थानीय निवासियों को दैनिक की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति में भी परेशानी हो रही है.
महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ रही है. स्थानीय प्रशासन और विभाग को अवगत करवाने राजस्थान सरकार की हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. इसके बाद शिकायतकर्ता हीराचंद जोगानी ने ज़ी मीडिया हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें अधिकारियों ने 15 से 20 दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया.
लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है. इसके बाद ज़ी मीडिया की टीम मौके पर पहुंची. जहां शिकायतकर्ता और स्थानीय मोहल्ले वासियों से समस्या के बारे में जानकारी ली गई. जिसमें उन्होंने बताया कि पुरानी पाइपलाइन में पूरे मोहल्ले की सप्लाई हो रही है, लेकिन एक ही गली में परिवारों को पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है, जिससे कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
हालांकि विभाग की ओर से नई पाइप लाइन डाली गई है, लेकिन पेयजल स्त्रोत कनेक्शन नहीं जोड़ने से जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे खासी समस्या झेलनी पड़ रही है. ऐसे में पिछले 2 माह से पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
वहीं समस्या को लेकर ज़ी मीडिया की टीम जलदाय विभाग पहुंची. जहां जलदाय विभाग के अधिकारी कनिष्ठ अभियंता शिवदयाल मीणा से पूरी समस्या को लेकर बातचीत की. जिसमें उन्होंने 10 से 15 दिन में समस्या के समाधान करने की बात कही. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नई पाइपलाइन डाली गई है.
नर्मदा प्रोजेक्ट के तहत बनाए गए नए उच्च जलाशयों से उनके कनेक्शन को जोड़ने का कार्य प्रस्तावित है, जो जल्द ही किया जाएगा. इसके बाद समस्या का समाधान होगा. जलदाय विभाग कार्यालय में अधिकारियों से बातचीत के लिए ज़ी मीडिया की टीम मौके पर पहुंची. जलदाय विभाग के अधिकारी शिवदयाल मीणा ने फोन पर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंJalore Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!