&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jhalawar News: राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन थाना पुलिस ने 3 दिन पहले हुए मासूम नाबालिग के अपहरण मामले का पर्दाफाश कर एक महिला सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से बालिका को भी पुलिस द्वारा दस्तयाब कर लिया गया है.
अपहरण के साजिशकर्ता नाबालिक बालिका कि उससे दुगनी उम्र के युवक से शादी करवाना चाहते थे. पुलिस ने पूरे मामले में आरोपी महिला ममता गुर्जर और उसके प्रेमी माखन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
इधर बालिका के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है. इधर गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी महिला को झालरापाटन शहर के सूर्य मंदिर इलाके ले जाकर मौका तफ्तीश भी करवाई गई है.
मामले में जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले झालरापाटन थाना क्षेत्र में परिजनों ने शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने बताया कि कक्षा 5 में पढ़ने वाली 13 वर्षीय बालिका घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुचीं. बाद में परिजनों ने थाने में बालिका के अपहरण का मामला दर्ज कराया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एडिशनल एसपी चिरंजी लाल मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया अनुसंधान में पता चला कि संदिग्ध महिला ममता गुर्जर के साथ बालिका आखिरी बार देखी गई थी। जिसके बाद से ही महिला का मोबाइल भी बंद आ रहा था। ऐसे में पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के दौरान महिला की लोकेशन जयपुर की आई, जिसके बाद पुलिस ने जयपुर पुलिस से संपर्क किया तथा आरोपी महिला ममता गुर्जर को उसके प्रेमी माखन को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि बालिका को उन्होंने दो युवकों धनराज और मोहन को सौंप कर गुजरात ले जाने को कहा है, जहां बालिका की शादी 25 साल के युवक मोहन से करवाना चाहते हैं. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गुजरात जाने से पहले ही डिटेन कर लिया. इस दौरान 13 वर्षीय बालिका को भी पुलिस ने सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jhalawar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!