राजमाता ने सिखाया जब आप अच्छा काम करते हैं, तो कई लोग खिलाफत करते हैं- राजे

 पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह ने झालावाड़ दौरे के दौरान बुधवार देर शाम को झालावाड़ की राजकीय खेल संकुल में राजमाता विजयराजी सिंधिया की मूर्ति का अनावरण किया. राजे ने कहा कि राजमाता ने सिखाया कि जब आप अच्छा काम करते हैं, तो कई लोग खिलाफत करते हैं. 

राजमाता ने सिखाया जब आप अच्छा काम करते हैं, तो कई लोग खिलाफत करते हैं- राजे

Jhalawar News: पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह ने झालावाड़ दौरे के दौरान बुधवार देर शाम को झालावाड़ की राजकीय खेल संकुल में राजमाता विजयराजी सिंधिया की मूर्ति का अनावरण किया. इस मौके पर भानपुरा पीठ के शंकराचार्य जगतगुरु ज्ञानानंद तीर्थ महाराज भी मौजूद रहे, तो वही सभी क्षेत्रीय विधायक गण और जनप्रतिनिधि कर्मचारी भी प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के साक्षी बने.

झालावाड़ शहर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल का निर्माण वसुंधरा राजे के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके कार्यकाल में हुआ था. यह खेल संकुल क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बड़ा उपयोगी साबित हुआ.

ऐसे में स्थानीय भामाशाहों और जिला प्रशासन की पहल पर राजकीय खेल संकुल परिसर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया की विशाल प्रतिमा का अनावरण पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह के हाथों किया गया.

इस दौरान दर्जन भर खेल प्रतिभाओं को भी सांसद दुष्यंत और पूर्व सीएम ने सम्मानित किया. पूर्व सीएम ने संबोधन के दौरान कहा कि उनकी मां राजमाता विजयाराजे सिंधिया जनसंघ के संस्थापकों में शामिल रही, जिन्होंने पहली बार मध्यप्रदेश में जनसंघ की सरकार बनाई.

Add Zee News as a Preferred Source

Trending Now

झालावाड़ में राजे ने कहा कि राजमाता ने सिखाया कि जब आप अच्छा काम करते हैं, तो कई लोग खिलाफत करते हैं. इस खिलाफत से डरने और घबराने की जरूरत नहीं, अपना बेहतर करते रहना चाहिए.

इधर, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के अधिकारियों को डांटने के मामले को परिवार का मामला बताया है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के टिप्पणी करने पर राठौड़ ने पलटवार करते हुए कहा कि अधिकारियों की खिंचाई ठीक बात है, इसमें विपक्ष को इसमें पंचयती नहीं करनी चाहिए.

गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों को डांट फटकार लगाई थी. राजे के सोशल मीडिया पर इस मामले में लिखने के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रतिक्रिया व्यक्त की थी.

जूली ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को अपनी पार्टी की सरकार के बावजूद पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति के लिए अपनी बात मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से कहनी पड़ रही है. जब भाजपा की ही पूर्व मुख्यमंत्री इस सरकार के अधिकारियों के सामने इतनी मजबूर हैं तो आमजन की स्थिति समझी जा सकती है. जूली के इस बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह हमारे परिवार का मामला है. विपक्ष को पंचायती नहीं करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि अधिकारियों की खिंचाई की तो ठीक बात है ना. इस बात में कोई दिक्कत नहीं है और उन्होंने सही पूछा है, वो हमारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है. कहीं कमी देखी तो पूछ लिया इसमें ठीक बात है. उन्होंने झालावाड़ की बात की उसमें उस क्षेत्र की जहां पानी की किल्लत है. विपक्ष भी यही काम करें तो कहां तकलीफ है ? कांग्रेस नेताओं का काम केवल मुद्दा उठाना और हल्ला मचाना है. हम अधिकारी के बचाव के लिए अपने आप को क्यों कटघरे में खड़ा करें ?

Trending news