&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Barmer News: बाड़मेर सीमावर्ती गडरारोड़ के मुख्य बाजार स्थित उत्तमचंद भूतड़ा के घर में बुधवार रात हुई सनसनीखेज डकैती ने पूरे इलाके को दहला दिया था. लुटेरे छत का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और आते ही बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी के हाथ-पैर बांधकर बंधक बना लिया.
पिस्तौल की नोक पर परिवार को धमकाते हुए 50 किलो से अधिक चांदी, लाखों के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए. वारदात के पीछे चौंकाने वाला सच सामने आया है.
घटना के महज 4 दिन बाद पुलिस ने 4 लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए युवक मात्र 20 साल के हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी पीड़ित सेठ उत्तमचंद भूतड़ा के यहां ही काम करता था. बाकी आरोपी भी शहर की अलग-अलग मेडिकल शॉप पर काम करते थे. पुलिस जांच में सामने आया कि इन युवकों ने मौज-मस्ती के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाने के बाद बाड़मेर एसपी नरेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को दबोच लिया. इनके पास से चांदी, सोना और नगदी बरामद की गई है. इलाके में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है.
पढ़िए राजस्थान क्राइम की एक और खबर
झालावाड़ जिले के झालरापाटन थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 7.7 ग्राम एमडीएमए पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है. तस्कर एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में पूर्व से वांछित चल रहा था.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि झालरापाटन पुलिस व जिला स्पेशल टीम ने मादक पदार्थ तस्करों के विरूद्ध संयुक्त कार्रवाई करते हुए गश्त के दौरान परमानन्द उर्फ पंडा गुर्जर को 7.7 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार करने में सफलता मिली है.
अभियुक्त परमानन्द उर्फ पंडा एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण मे पहले से फरार चल रहा था. परमानन्द उर्फ पंडा पर अवैध मादक पदार्थ तस्करी,जुआ सट्टा, चोरी और मारपीट के 9 आपराधिक प्रकरण पूर्व में भी दर्ज मिले हैं. आरोपी एमडीएमए पाउडर कहा से लेकर आया और इसकी खपत कहा की जानी थी, इसके बारे में आरोपी से पूछताछ जारी है.
गत दिनों झालरापाटन थाना पुलिस ने गश्त के दौरान इको स्पोर्ट कार सवार 3 आरोपियों को 1.57 ग्राम एमडीएमए पाउडर सहित गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तार आरोपियों ने बरामद मादक पदार्थ परमानन्द उर्फ पंडा गुर्जर से खरीदना बताया था तब से आरोपी परमानन्द उर्फ पंडा गुर्जर की पुलिस को तलाश थी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Barmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!