&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजस्थान का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह जोधपुर के प्रतिष्ठित बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में गौरव और भव्यता के साथ संपन्न हुआ. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उपस्थित रहे. उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने माहौल को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया.
ऐतिहासिक स्टेडियम में देशभक्ति का नजारा
वर्षों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का साक्षी रहा यह स्टेडियम इस बार देश की आजादी के पर्व का केंद्र बना. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आईपीएस हेमंत कलाल के नेतृत्व में आयोजित भव्य परेड का निरीक्षण किया और देश की रक्षा में जुटे बलों को श्रद्धा और सम्मान के साथ सलामी दी. तिरंगों से सजे स्टेडियम और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया.
मुख्यमंत्री का उद्बोधन: आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूत कदम
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थान, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जिस भारत का सपना हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था, वह अब साकार हो रहा है. मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए भारत की सैन्य क्षमता और संकल्प को रेखांकित किया. साथ ही, उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 15 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं और आगामी पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य है.
राज्य सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट
उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, पेपर लीक पर सख्ती, और किसानों के लिए नवाचार जैसे विषयों को सरकार की प्राथमिकताओं में गिनाया. पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना और लोकल फॉर वोकल जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि राजस्थान देश का सबसे विकसित और समृद्ध राज्य बनेगा.
सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया. इनमें शामिल रहे - एडीजी विजय कुमार सिंह, सवाई माधोपुर कलेक्टर कानाराम, बारा कलेक्टर रोहिताश सिंह, राजीव जैन (परियोजना निदेशक), डॉ. बलराम शर्मा (एसएमएस अस्पताल), लालचंद कुमावत (मुख्यमंत्री कार्यालय), डॉ. सुदीप कुमावत (जयपुर कलेक्ट्रेट), नेमीचंद शर्मा (पुलिस मुख्यालय), अनिल कुमार (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो), रामप्रकाश (कार्मिक विभाग), दीपिका आसनानी एवं रोहिताश जाट – सभी को उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया.
शांति, सुरक्षा और जनसैलाब
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ रंगारंग प्रस्तुति हुई जिसमें देश भर के अलग-अलग राज्यों की छटा देखने को मिली तो वहीं स्कूली बच्चों ने व्यायाम प्रदर्शन किया. अलग-अलग बैंड ग्रुप ने बैंड वादन किया तो वही सेना की ओर से भी बैंड वादन किया गया. इसके साथ ही बीएसएफ के जवानों ने कैमल शो का प्रदर्शन किया. घोड़े पर सवार होकर हथियारों का प्रदर्शन किया. ऊंट पर सवार होकर हथियारों का प्रदर्शन किया. इसके साथ ही अन्य प्रदर्शन भी देखने को मिले.
समारोह की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजाम किए. हजारों की संख्या में लोग, परिवारों सहित, समारोह में पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर चेहरा देशभक्ति की भावना से दमक रहा था. स्टेडियम के कोने-कोने में देशभक्ति के रंग बिखरे हुए थे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!