&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले के चांधन कस्बे में कुछ दिन पहले पति-पत्नी के विवाद में तेजाब पीकर आत्महत्या कर रहे पति को अपनी जान को जोखिम में डालकर जान बचाने वाले पुलिस कांस्टेबल खीमसिंह भाटी के अपने पेतृक गांव लाठी पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया.
गौरतलब है कि जैसलमेर जिले की चांधन चौकी में तैनात पुलिस कांस्टेबल खीमसिंह ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए गत 20 अगस्त को एक युवक की जान बचाई. इस दौरान खीमसिंह खुद तेजाब से झुलस गए, लेकिन हिम्मत नहीं हारी और युवक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया.
अभय कमांड सेंटर को सूचना मिली कि चांधन गांव में पति-पत्नी में विवाद चल रहा है. मौके पर पहुंचे कांस्टेबल खीमसिंह ने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया. इसी बीच पीड़िता का पति राधेश्याम सोनी अचानक तेजाब पीने की कोशिश करने लगा.
खीमसिंह ने तत्परता दिखाते हुए बोतल छीनने का प्रयास किया. छीना-झपटी में तेजाब उनके हाथों और वर्दी पर गिर गया. गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद कांस्टेबल ने साहस नहीं छोड़ा और युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया. बाद में उसे जिला अस्पताल जैसलमेर में भर्ती कराया गया.
इसके बाद खीमसिंह का भी जोधपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था. रविवार को पुनः अपने पेतृक गांव लाठी लोटने पर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता मिश्रीलाल टावरी, वरिष्ठ नागरिक दानसिंह भाटी, जुगल किशोर पालीवाल, तनसुख देवड़ा, मोयब खां, विक्रम दर्जी, चुतर भारती, अवतार सिंह भाटी, संजय विश्नोई, बुधराम विश्नोई, पिंटू पालीवाल, मनोहरसिंह भाटी, कालूसिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उसके आवास पहुंचकर फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया.
साथ ही ग्रामीणों ने कांस्टेबल खीमसिंह की निडरता और सूझबूझ की सराहना करते हुए राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री महोदय एवं पुलिस महानिदेशक से गैलेंट्री अवार्ड देकर वीरता का सम्मान किया जाने कि मांग की है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaisalmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!