&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jalore News: सांचौर थाना क्षेत्र की एक रेप पीड़िता ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि पुलिस उसके मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है. पीड़िता ने 18 मई को मामला दर्ज कराया था, जिसमें उसके ससुर और पति आरोपी हैं. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके ससुर ने वर्ष 2020 से मई 2025 के बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और वीडियो बनाया.
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. पीड़िता का कहना है कि वह न्याय की उम्मीद में है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई न होने से उसे परेशानी हो रही है. पीड़िता ने न्यायपालिका और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति के साथ रहने के दौरान भी उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया. ससुर ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसके पति को वीडियो दिखाकर तलाक करवा देगा और उसे व उसके बेटे को जान से मार देगा.
पीड़िता ने कहा कि उसके पति ने भी ससुर के दबाव में आकर उससे बात करना बंद कर दिया. जब उसने केस दर्ज कराने की कोशिश की, तो सांचौर पुलिस ने उसे परेशान किया और सामान्य मारपीट व छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा. पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वे उसकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि एसपी के आदेश पर केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है. पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर और देवर के ससुर एक राजनीतिक दल में पदाधिकारी होने के कारण पुलिस दबाव में है और आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है.
पीड़िता ने कहा कि आरोपी उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं, पैसा मांग रहे हैं और उसे धमकाते हैं कि उसके पति की दूसरी शादी कराएंगे और उसे संपत्ति से बेदखल कर देंगे. पीड़िता ने न्याय और सुरक्षा की मांग की है.