&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jalore News: राजस्थान के जालोर के सांचोर में लूणी नदी आने से एक माह में दूसरी बार पावटा गांव टापू बन गया है. गांव के चारों तरफ पानी आने से लोग घरों में कैद हो गए हैं. गांव से बाहर जाने के लिए सभी रास्ते बंद हो गए हैं.
चितलवाना उपखण्ड का पावटा गांव लूणी नदी आने से एक माह में दूसरी बार टापू बन गया है. इस साल बारिश अच्छी होने से लूणी नदी में एक माह में दूसरी बार पानी आया है. लूणी नदी आने के कारण टांपी ग्राम पंचायत के पावटा गांव के चारों तरफ पानी आ जाने की वजह से इस गांव के सभी संपर्क सड़क मार्ग बंद हो गए हैं.
लोगों के घरों में पानी घुस चुका है. करीब 100 घरों की आबादी अब पानी आ जाने से बाहर नहीं आ सकते हैं. पावटा गांव की आबादी करीब 1000 के लगभग है, जो अपने घरों तक सीमित है. गांव में आने-जाने के साधन बंद हैं. अगर राशन सामग्री लाने जाना हो तो पानी में से जाना पड़ रहा है, जो जान जोखिम में डालकर कहीं कमर तक तो कहीं घुटनों तक पानी में से गुजरकर बाहर आ रहे हैं.
वहीं, पावटा गांव की सरकारी स्कूल के 60 बच्चे भी नदी का पानी आने से घरों में ही कैद हैं. स्कूल जाने के लिए सभी रास्ते बंद हो गए हैं. कई घरों में चूल्हों तक पानी पहुंच चुका है लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से कोई बंदोबस्त नहीं किया गया है. वहीं, आस-पास के सभी रास्ते लूणी नदी आने से बंद हो गए हैं.
चितलवाना उपखण्ड के टांपी से पावटा, दूठवा से होती गांव, दूठवा से गलीफा, सूंथड़ी से सुराचंद सहित कई मुख्य मार्ग बंद हो चुके हैं. लोग 80-100 किलोमीटर तक घूमकर उपखंड मुख्यालय पहुंच रहे हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jalore News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!