&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र में दो माह पूर्व हुई ऊंट चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है. वहीं, चोरी हुए ऊंटों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं.
पुलिस अधीक्षक फलोदी श्री कुंदन कंवरिया आईपीएस ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलोदी ब्रजराजसिंह चारण आरपीएस और वृताधिकारी लोहावट संग्रामसिंह भाटी के सुपरविजन में थानाधिकारी मतोड़ा और टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक कुमार और लक्ष्मणराम को गिरफ्तार किया.
सखी मोहम्मद निवासी इंदो का बास ने थाना मतोड़ा में रिपोर्ट दी थी कि 5 जून को उसके और पूनमाराम निवासी लोहावट के ऊंट और ऊंटनी सहित कुल 13 पशु चोरी हो गए, जिस पर थाना मतोड़ा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले में मुखबिर मामूर कर जानकारी जुटाई गई. तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी अशोक कुमार और लक्ष्मणराम को दस्तयाब कर पूछताछ की गई. दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. वहीं, ऊंटों की बरामदगी और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
बता दें कि ऊंट राजस्थान की संस्कृति और जीवनशैली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. ऊंट राजस्थान का राज्य पशु है, और इसे 'रेगिस्तान का जहाज' कहा जाता है. ऊंट का उपयोग परिवहन, दूध, और मांस के लिए किया जाता है. इसके अलावा, ऊंट की खाल और ऊन भी उपयोगी होती है.
राजस्थान में मुख्य रूप से दो प्रकार के ऊंट पाए जाते हैं-एक तो बाड़मेरी ऊंट और दूसरा जैसलमेरी ऊंट. पुष्कर मेले में ऊंटों की खरीद-फरोख्त और उनकी सजावट एक प्रमुख आकर्षण है. ऊंट राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं में गहराई से जुड़ा हुआ है. यह राजस्थानी जीवनशैली का एक अभिन्न अंग है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jodhpur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!