&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jodhpur News: उम्मेद सागर बांध के 500 मीटर दायरे में लंबे समय से जमे कब्जेधारियों को हटाने का अभियान सोमवार को शुरू हुआ. लेकिन अचानक ही यहां अतिक्रमियों की भीड़ ने नगर निगम और पुलिस की टीम पर अचानक पथराव कर दिया. इससे एकबारगी तो यहां अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व निगम की टीम को किसी तरह बचकर भागना पड़ा. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन से ज्यादा निगम व पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है. इनमें दो निगम कर्मियों के सिर पर गंभीर चोट लगना बताया जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि उम्मेदसागर बांध क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में जोधपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने कई बार कार्रवाई की थी. इसके बावजूद अतिक्रमण पूरी तरह से नहीं हटे. इसी बीच, नगर निगम की ओर से सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था. इनमें विशेष रूप से ऐसे निर्माण हटाए जाने है, जो बांध के 500 मीटर के दायरे में है, जबकि इस दायरे में किसी भी तरह का कोई भी निर्माण करने पर पूर्णतया पाबंदी है. इसके बावजूद जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते यहां बड़ी संख्या में अतिक्रमण होते रहे और इनमें से अधिकांश ने तो पक्के निर्माण तक कर लिए.
उम्मेदसागर व आस-पास बेतहाशा हुए अतिक्रमण और इनसे लोगों की जान को खतरा देखते हुए सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी ने कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा था. इसके बाद भी यहां अतिक्रमण हटना तो दूर, बढ़ते चले गए.
मामले में लगातार जनाक्रोश और बढ़ते दबाव के बाद जेडीए, पुलिस और पीएचईडी की संयुक्त कार्रवाई में 103 अवैध अतिक्रमण हटाए गए थे. हालांकि, इनसे गुना अधिक अतिक्रमण बचे हुए हैं. इन्हीं शेष रहे अतिक्रमण को हटाने से पहले जलदाय विभाग की टीम ने भी यहां सर्वे किया, तो पता चला कि मौके पर 229 अतिक्रमण हो रखे हैं. मौका अंतिम सर्वे रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजने के बाद सोमवार को इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है.