&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaisalmer News: डांगरी गांव में खेत सिंह हत्याकांड को लेकर मंगलवार रात्रि की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी, जहां बदमाशों ने खेतसिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. आज सुबह 09:32 बजे, खेतसिंह का शव गांव पहुंचा, जिसके बाद गमगीन माहौल में उनकी शव यात्रा निकाली गई.
इस दौरान भाजपा नेता सहित समाज के कई दिग्गज मौजूद रहे, जो इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करने पहुंचे. कल दिनभर चले विरोध प्रदर्शनों के बाद आज सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है, और डांगरी गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
ग्रामीणों में आक्रोश और शोक का माहौल है, क्योंकि खेतसिंह की हत्या ने समुदाय को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी शुरू कर दी है, और मामले की जांच तेज कर दी गई है. शव यात्रा के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे स्थिति नियंत्रित रही. इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को दुखी किया है, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं.
डांगरी विवाद को लेकर देर रात धरना-प्रदर्शन के बाद राहत की खबर सामने आई. करीब तीन घंटे चली वार्ता के बाद प्रशासन और ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच समझौता हो गया. इस वार्ता में जिला कलेक्टर प्रताप सिंह और एसपी अभिषेक शिवहरे ने मोर्चा संभाला, जिसमें सांग सिंह भाटी और पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी भी शामिल हुए.
प्रशासन ने ग्रामीणों की प्रमुख मांगों को मानते हुए मुआवजा दिलवाने का भरोसा दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर सहमति बनी. साथ ही, मुख्य बाजार में चार अतिक्रमण की दुकानों को हटाने पर भी सहमति बन गई. तनावपूर्ण माहौल के बीच यह वार्ता सफल रही, जिससे समझौते का रास्ता निकला और स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जगी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंJaipur Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!