&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jodhpur News: राजस्थान के दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के नए द्वार खुलने जा रहे हैं. प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी.
वहीं, विशेष रूप से चारों राजकीय अंध विद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र से कंप्यूटर साइंस विषय जोड़ा जाएगा. यह घोषणा शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जोधपुर के राजकीय अंध विद्यालय, आंगणवा में आयोजित अभिनंदन समारोह में की.
समारोह में दृष्टिबाधित शिक्षक और विद्यार्थियों ने मंत्री का स्वागत कर खुशी व्यक्त की. विद्यालय के कक्षा 11 के छात्र विजय भानु ने मोबाइल ऐप के जरिए दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की पढ़ाई की तकनीक समझाई और कंप्यूटर साइंस विषय की मांग रखी. इस पर शिक्षा मंत्री ने मौके पर ही घोषणा करते हुए कहा कि अब अंध विद्यालयों के विद्यार्थी भी कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर सकेंगे.
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि दृष्टिबाधितों की सेवा करना ईश्वर की सेवा के समान है. मैं 1993 से ही आपके संपर्क में हूं और लगातार आपके लिए योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करता रहा हूं. आपकी हर मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. कंप्यूटर साइंस अगले सत्र से शुरू होगा और खेल मैदान उपलब्ध कराने के लिए भी जिला कलेक्टर से बात करूंगा.
समारोह के दौरान प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र खींची ने साफा पहनाकर मंत्री का स्वागत किया. मंत्री ने भी उन्हें गले लगाकर स्नेह जताया. इसके बाद मंत्री ने विद्यालय परिसर में पीपल का पौधा लगाया और विद्यार्थियों से उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली.
शिक्षा मंत्री ने छात्रावास की छत पर लगाए गए सौर ऊर्जा पैनल का उद्घाटन किया. मंत्रोच्चार और स्वास्तिक चिन्ह के बीच बटन दबाकर शुभारंभ करते हुए मंत्री ने इसे विद्यालय के लिए ऊर्जा का बड़ा स्रोत बताया.
वापसी के समय मंत्री ने दृष्टिबाधित बच्चों को कैरम खेलते देखा. बच्चों ने आग्रह पर मंत्री को भी खेल में शामिल कर लिया. मंत्री दिलावर ने बच्चों संग बैठकर कैरम खेला और हंसी-खुशी के पल साझा किए.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jodhpur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!