&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: फलोदी के लोहावट थाना क्षेत्र में सोने-चांदी की दुकान में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है. आरोपी रामदेवरा मेले की भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे.
पुलिस अधीक्षक फलोदी श्री कुंदन कंवरिया आईपीएस ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलोदी श्री बृजराज सिंह चारण आरपीएस एवं वृताधिकारी लोहावट श्री संग्राम सिंह भाटी के सुपरविजन में थानाधिकारी लोहावट व टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों राहुल, सूरज व राजकुमार को गिरफ्तार किया है.
22 अगस्त 2025 को प्रार्थी रमेश सोनी निवासी विशनावास लोहावट ने रिपोर्ट दी थी कि 21 अगस्त की रात्रि में मोरिया स्थित उसकी सोने-चांदी की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन व नकदी चोरी कर ली, जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मुखबिर सूचना व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी राहुल, सूरज और राजकुमार को दस्तयाब कर पूछताछ की गई. आरोपियों ने रामदेवरा मेले की भीड़ का सहारा लेकर दुकान में नकबजनी करने की बात स्वीकार की. वे मेले में वाहन से आए थे और यात्रियों की तरह दुकान के पास रुके. रात को मौका देखकर ताला तोड़ा और जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए. पुलिस ने बताया कि आरोपी बहुत शातिर प्रवृत्ति के हैं और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है. बरामदगी के प्रयास जारी है.
गिरफ्तार आरोपी
1. राहुल पुत्र बद्रीलाल बलाई, उम्र 24 वर्ष, निवासी सुई गांव, थाना नलखेडा, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश).
2. सूरज उर्फ सुरेश पुत्र मांगीलाल बागरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी शिव पहाड़ी कानड़, थाना कानड़, जिला आगर मालवा (मध्य प्रदेश).
3. राजकुमार पुत्र मांगीलाल मेदाडा माली, उम्र 32 वर्ष, निवासी नयापुरा नलखेडा, थाना नलखेडा, जिला आगर मालवा (मध्य प्रदेश).
आरोपी का आपराधिक इतिहास
आरोपी राहुल के विरुद्ध चोरी, नकबजनी व लूट के कुल 7 प्रकरण दर्ज हैं, वहीं आरोपी राजकुमार के खिलाफ लूट, डकैती की योजना बनाने, नकबजनी व आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण दर्ज पाए गए हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!