&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jodhpur News: जोधपुर में 79वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को विकास, रोजगार और सुरक्षा के मजबूत संकल्प का भरोसा दिया.
अपने भाषण में क्या बोले?
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अगले पांच साल में 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र की नौकरियां सृजित करने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है. अब तक 75 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं और 1 लाख 68 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है.
देश की सुरक्षा पर बोले
देश की सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा, "जब हमारा देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ता है, तब कुछ अराजक तत्व नापाक हरकतें करने की कोशिश करते हैं, लेकिन यह नया भारत है, जो गोली का जवाब गोले से देता है." उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को देश की अडिग प्रतिबद्धता और सम्मान का प्रतीक बताया.
अधिकारियों और कर्मचारियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें सवाई माधोपुर के कलेक्टर काना राम, बारां के कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज के डॉ. बलराम शर्मा और मुख्यमंत्री कार्यालय की दीपिका आसनानी समेत कई अधिकारी शामिल रहे.
कोटपूतली और सिरोही में भी देशभक्ति का जश्न
कोटपूतली में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने ध्वजारोहण कर पुलिस जवानों की सलामी ली. वहीं सिरोही में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने ध्वजारोहण के साथ मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और 60 उत्कृष्टजनों को सम्मानित किया.
जयपुर में भी जिला स्तरीय आयोजन
राजधानी जयपुर के चौगान स्टेडियम में ADM प्रथम विनीता सिंह ने राज्यपाल का संदेश पढ़ा. इस अवसर पर प्रदेश में बिजली, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों का उल्लेख किया गया. 35 नए ग्रिड सब-स्टेशन, 29.60 लाख मरीजों को 5,700 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस इलाज और 8 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना जैसी घोषणाओं ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई.
पूरे राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस का जश्न देशभक्ति गीतों, नृत्यों और परेड के साथ मनाया गया. मंचों से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया गया और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jodhpur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!