&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Barmer News: राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा इलाके में सोशल मीडिया स्टारडम पाने की चाहत एक बड़े अपराध में बदल गई, जब कुछ युवकों ने डिस्कॉम को झूठी सूचना देकर बिजली सप्लाई का शटडाउन कराया और फिर उसी दौरान ट्रांसफार्मर और बिजलीघर में घुसकर वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया.
16 अगस्त का है मामला
जानकारी के अनुसार फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर YASH KI VINES और YR KI VINES नाम से पेज चलाने वाले कुछ युवक लंबे समय से कॉमेडी वीडियो बनाकर पब्लिश कर रहे थे, जिनके लाखों फॉलोअर्स हैं. लेकिन 16 अगस्त को उन्होंने हद पार कर दी, जब एक वीडियो अपलोड किया गया. जिसमें एक युवक खुद को बिजली मिस्त्री बताकर हाई वोल्टेज ट्रांसफार्मर पर चढ़कर रिपेयर करता दिख रहा है और उसका साथी जीएसएस बिजलीघर में घुसकर उपकरणों के साथ छेड़छाड़ करता नजर आया.
सरकारी तंत्र का दुरुपयोग
वीडियो सामने आते ही यह सवाल उठे कि आखिरकार सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किस तरह मजाक और शोहरत के लिए किया जा सकता है, और अगर उस वक्त कोई बड़ा हादसा हो जाता तो जिम्मेदारी कौन लेता. इस पूरे घटनाक्रम के उजागर होने के बाद जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सेड़वा सहायक अभियंता अनिल कुमार विश्नोई ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसमें शोभाला दर्शन निवासी लूणाराम सुथार समेत कई लोगों को नामजद किया गया है.
पुलिस अब जांच में जुटी
अभियंता के अनुसार उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर जानकारी दी थी कि शोभाला दर्शन में ट्रांसफार्मर से स्पार्किंग हो रही है, जिसके बाद शटडाउन लिया गया, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से कॉल आया कि सब कुछ ठीक हो गया है. इसी दौरान युवकों ने मौके का फायदा उठाकर वीडियो शूट किया. 17 अगस्त को वीडियो वायरल होने पर यह पूरा राज खुला और तुरंत ही मामला पुलिस तक पहुंचा. फिलहाल सेड़वा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खतरनाक हरकत में कितने लोग शामिल थे और किसकी मिलीभगत से बिजली तंत्र के साथ छेड़छाड़ की गई.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Barmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!