&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaisalmer News: भारत की सबसे प्रसिद्ध शाही ट्रेनों में से एक, पैलेस ऑन व्हील्स, इस सीजन की अपनी पहली यात्रा पर 21 सितंबर को जैसलमेर पहुंचेगी. यह लग्जरी ट्रेन 17 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होकर जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर होते हुए रविवार सुबह जैसलमेर पहुंचेगी, जहां इसका भव्य स्वागत किया जाएगा.
कभी विदेशी सैलानियों की पहली पसंद
26 जनवरी, 1982 को शुरू हुई यह ट्रेन कभी विदेशी सैलानियों की पहली पसंद थी, लेकिन पिछले कुछ सालों में लगातार घाटे और यात्रियों की घटती संख्या के कारण इसे दो साल पहले निजी हाथों में सौंप दिया गया. कोविड महामारी और महंगे किराए ने भी इसकी लोकप्रियता को काफी प्रभावित किया, जिससे स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि इसे दो साल तक बंद रखना पड़ा.
शाही ट्रेन का कायाकल्प
लौटने के बाद अब इस शाही ट्रेन को नया कलेवर दिया गया है. यात्रियों को एक बार फिर शाही अनुभव देने के लिए इसके 41 बाथरूमों का नवीनीकरण किया गया है और आधुनिक बायो-टॉयलेट्स लगाए गए हैं. अंदरूनी साज-सज्जा के साथ-साथ फर्नीचर और लाइटिंग भी बदली गई है. खास बात यह है कि अब यात्रियों को खाने के मेन्यू में स्थानीय राजस्थानी पकवान भी परोसे जाएंगे, जिससे यात्रा का अनुभव और भी खास बन जाएगा.
सीजन में ट्रेन 33 फेरे
निजी कंपनी के संचालन में आने के बाद इस सीजन में ट्रेन 33 फेरे करेगी. यह एक बड़ा बदलाव है, क्योंकि 2022 में वापसी के बाद भी यह सिर्फ 11 फेरे ही कर पाई थी. उम्मीद है कि इन बड़े बदलावों और नए शाही लुक के साथ पैलेस ऑन व्हील्स का पुराना आकर्षण एक बार फिर लौटेगा और यह अपने शानदार सफर के लिए फिर से जानी जाएगी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaisalmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!