&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले में बीएसएफ द्वारा रक्षाबंधन का पर्व मनाए जाने की खबर सामने आई है. भाई बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्यौहार जहां देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. जिसमें बहनों द्वारा भाइयों के रक्षा सूत्र बांधकर भाइयों की लंबी आयु की कामना की जाती है. वहीं देश की सीमाओं पर तैनात बीएसएफ के जवान जहां देश की रक्षा के लिए अपने घर परिवार से दूर रह रहे हैं, देश की सुरक्षा में जुटे हुए हैं. रक्षाबंधन के त्योहार पर बीएसएफ जवानों को अपने भाई और बहनों की याद ना सताए और उनकी कलाई सूनी ना रहे, इसको लेकर भारत-पाक सीमा से सटे सरहदी जिले जैसलमेर में BSF जवानों द्वारा रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया गया.
भारत-पाक सीमा से सटे सेक्टर में मनाया गया पर्व
भारत-पाक सीमा से सटे बीएसएफ 20 बीएन सेक्टर में बीएसएफ जवानों द्वारा रक्षाबंधन का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस दौरान बीएसएफ में कार्यरत बीएसएफ महिला जवानों द्वारा बीएसएफ जवानों को राखी बांधकर उनकी बहनों की कमी को पूरा किया गया. इस दौरान न सिर्फ राखी बांधने आई बहनें भावुक नजर आईं बल्कि बीएसएफ के जवान और अधिकारी भी स्नेह और अपनायत को देखकर काफी खुश नजर आए.
सदैव सीमा पर रहती है तैनात
शरीर पर बीएसएफ की वर्दी पहने दुश्मन को करारा जवाब देने वाली बीएसएफ महिला जवान जहां देश की सुरक्षा में चौबीसों घंटे सरहद पर तैनात रहती है. वहीं रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने BSF भाइयों की रक्षा की भी कामना करती नजर आईं. इस दौरान बीएसएफ जवानों का कहना है कि BSF हमारा परिवार है, अपने परिवार की तो याद आती है, लेकिन अब यह परिसर और साथी ही हमारा परिवार है.
श्रीगंगानगर में छोटी बच्चियों ने जवानों को बांधी राखी
श्रीगंगानगर जिले के घड़साना में सीमाजन कल्याण समिति के नेतृत्व में सुरमा पोस्ट पर रक्षा बंधन का आयोजन किया गया. देश की सीमा पर तैनात वीर जवानों की कलाई पर छोटी-छोटी बच्चियों ने रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान छोटी बहनों ने सैनिकों के प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट किया, वहीं सैनिकों ने भी बहनों को आजीवन सुरक्षा का वचन दिया. कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और भाईचारे का अद्भुत माहौल देखने को मिला. सीमाजन कल्याण से गजेंद्र शेखावत और प्रतीक सेठी, अरोड़वंश युवा क्लब अध्यक्ष पंकज बाघला ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. बजरंग दल अध्यक्ष अमन छाबड़ा, चिंटू अरोड़ा समेत कई गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए और सैनिकों का उत्साह बढ़ाया. आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन हर साल सीमा पर तैनात जवानों के सम्मान में किया जाता है, जिससे वे घर से दूर रहकर भी अपनेपन का अहसास कर सकें.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaisalmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!