&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Barmer News: राजस्थान के बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा से राज्य के इतिहास के सबसे कम उम्र के विधायक, निर्दलीय रविंद्र सिंह भाटी का बड़ा बयान सामने आया है. पश्चिमी राजस्थान में खेजड़ी कटाई का मुद्दा लगातार सुर्खियों में है. इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाटी ने कहा कि वह धरातल पर इस लड़ाई को लड़ रहे हैं और इस संघर्ष में उन्हें हमेशा खेजड़ली के 363 शहीदों की याद आती है, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी शहादत दी थी.
भाटी ने कहा, “जब हम उन लोगों को याद करते हैं, तो देखते हैं कि उन्होंने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, अपना जीवन दे दिया, बलिदान कर दिया, और हम आज भी इस लड़ाई को आखिरी दम तक मजबूती से लड़ेंगे.”
कंपनियों द्वारा नियमों की अनदेखी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “एक तरफ पूरे देश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी बड़ी ड्राइव चलाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ राज्य वृक्ष खेजड़ी को बड़ी संख्या में काटा जा रहा है. बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और फलोदी क्षेत्रों में लाखों पेड़ कट चुके हैं, लेकिन उनकी समीक्षा तक नहीं हो रही. दूसरी तरफ इस ड्राइव पर जनता के करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. यह गंभीर विचार का विषय है.”
उन्होंने लूनी- जोजरी नदी के प्रदूषण को लेकर भी चिंता जताई। भाटी के अनुसार, नदी प्रदूषण के कारण कई गांव पूरी तरह प्रभावित हुए हैं. “कुछ दिन पहले एक श्मशान भूमि जलमग्न हो गई थी, जिस कारण अंतिम संस्कार तक नहीं हो पाया. बड़े शहरों में बैठे लोग इन हालात को महसूस भी नहीं कर पा रहे, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है. उन गांवों को बचाना हमारी जिम्मेदारी है,” उन्होंने कहा.
लूनी नदी आंदोलन पर भाटी ने कहा, “हम सब इस मुद्दे पर साथ हैं. सबसे पहले जिम्मेदारी हमारी है कि प्रभावित गांवों के लोगों को अच्छा जीवन कैसे दिया जाए, इस पर ठोस योजना बने.”
आगामी विधानसभा सत्र को लेकर भाटी ने संकेत दिए कि इस बार सदन में कई बड़े मुद्दों पर जोरदार तरीके से बहस होगी. इस दौरान वे बोले “खेजड़ी कटाई का मुद्दा सदन में मजबूती से उठाया जाएगा. सरकार के सामने ठोस आंकड़े रखे जाएंगे, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके.”
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Barmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!