Jodhpur News: 'इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं...' राहुल गांधी के आरोपों पर बोले केंद्रीय मंत्री शेखावत

Rajasthan News: जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि भगवान बुद्ध की अस्थियां 127 साल बाद भारत लौटी हैं. मालेगांव केस पर विपक्ष पर हमला बोला. अमेरिकी टैरिफ पर रणनीति साझा की और यूके ट्रेड डील से किसानों को फायदा बताया. वहीं उन्होंने राहुल गांधी पर टिप्पणी से बचाव किया.

Jodhpur News: 'इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं...' राहुल गांधी के आरोपों पर बोले केंद्रीय मंत्री शेखावत
Image Credit:

Gajendra Singh Shekhawat: केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शनिवार को जोधपुर पहुंचे और अपने निवास पर मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि भगवान बुद्ध की अस्थियां 127 साल बाद भारत वापस लौट आई हैं.

आठ भागों में विभाजित किया गया था
शेखावत ने बताया कि भगवान बुद्ध के परिनिर्वाण के बाद उनकी अस्थियों को आठ भागों में विभाजित किया गया था. इनमें से आठवां हिस्सा उनके परिवार, यानी शाक्य वंश, को प्राप्त हुआ था. इस हिस्से को कपिलवस्तु के पीपरवा क्षेत्र में पत्थर के एक बक्से में जमीन के भीतर रखा गया था.

1898 में प्राप्त हुआ था बक्शा
वर्ष 1898 में ब्रिटिश शासन के दौरान खुदाई में यह बक्सा प्राप्त हुआ था, जिसमें भगवान बुद्ध की अस्थियां पाई गई थीं. हालांकि, ब्रिटिश अधिकारियों ने इन अस्थियों को तत्कालीन श्याम (थाईलैंड) के राजा को सौंप दिया और एक बड़ा हिस्सा खुदाई करने वाले विलियम प्रेपे को दे दिया गया.

और क्या बोले केंद्रीय मंत्री?
शेखावत ने बताया कि यह अस्थियां बाद में अमेरिका चली गईं और हाल ही में अप्रैल के अंत में यह जानकारी सामने आई कि इन्हें एक अंतरराष्ट्रीय नीलामी घर (ऑक्शन हाउस) के माध्यम से बिक्री के लिए नामित किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत सरकार ने हस्तक्षेप कर यह नीलामी रुकवाई और अस्थियों को भारत वापस लाने का प्रयास किया, जो सफल रहा. उन्होंने कहा, “मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि 127 साल बाद भगवान बुद्ध की अस्थियां भारत लौटी हैं. यह भारत की सांस्कृतिक विरासत की वापसी का क्षण है.”

मालेगांव मामले पर विपक्ष पर निशाना
मालेगांव केस के हालिया फैसले को लेकर शेखावत ने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि किस तरह झूठे केस बनाकर व्यवस्थाओं का दुरुपयोग करते हुए देश में नकारात्मकता फैलाने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा, “कांग्रेस और विपक्ष का यह चरित्र सब जानते हैं. जब उनके पास मुद्दे नहीं रहते तो वे झूठे नैरेटिव गढ़कर खुद को प्रासंगिक रखने का प्रयास करते हैं. लेकिन सत्य को दबाया जा सकता है, मिटाया नहीं.”

राहुल गांधी पर प्रतिक्रिया देने से किया इनकार
बिहार चुनाव पर राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देने से शेखावत ने इनकार करते हुए कहा, “मुझे नहीं लगता कि इस पर टिप्पणी करना उचित होगा.”

अमेरिका में टैरिफ नीति पर भारत की रणनीति
अमेरिका की व्यापार नीतियों और टैरिफ को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, “बार-बार परिवर्तन हो रहे हैं, इसलिए अभी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी. लेकिन अगर हम गुणवत्ता बढ़ाएं और लागत घटाएं, तो भारत बड़े टैरिफ के बाजार में भी टिक सकता है.” उन्होंने कहा कि भारत की सेवा क्षेत्र आधारित अर्थव्यवस्था को इससे बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा और आने वाले समय में देश को अपनी क्षमताओं को और मजबूत करना होगा.

यूके व्यापार समझौते पर कृषि क्षेत्र को लाभ
यूके के साथ व्यापार संबंधों पर बोलते हुए शेखावत ने कहा कि भारत के किसानों और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को इससे बड़ा लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि इससे एग्रो प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के लिए नए अवसर और अंतरराष्ट्रीय पोटेंशियल खुलने वाला है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jodhpur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

संबंधित खबरें

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sagar