&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Jodhpur News: जोधपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक का आज दूसरा दिन है. यह बैठक 32 संगठनों के अखिल भारतीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में हो रही है, जिसमें सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के साथ विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, राष्ट्र सेविका समिति, सक्षम, पूर्व सैनिक सेवा परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम और सीमा जागरण मंच जैसे संगठन शामिल हैं. बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजातीय क्षेत्रों में सामाजिक विकास और पंच परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है.
बैठक का उद्घाटन सत्र कल भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ शुरू हुआ. परिसर में रानी अबक्का द्वार और हल्दीघाटी द्वार की ऐतिहासिक झलकियों के साथ सभागार का निर्माण किया गया है. मीरा बाई और अमृता देवी बिश्नोई के बलिदान को रंगोली और चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जो सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को दर्शाता है. पहले दिन की चर्चा में संघ ने जाति, भाषा और प्रांत के आधार पर भेदभाव को देश की एकता के लिए खतरा बताते हुए समाज से ऐसी प्रवृत्तियों से दूर रहने का आह्वान किया.
आज बैठक के दूसरे दिन विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श होगा. यह समन्वय बैठक 7 सितंबर को विभिन्न संगठनों के अनुभवों के आदान-प्रदान और भविष्य की कार्ययोजना तय करने के साथ समाप्त होगी. यह बैठक सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकास के लिए संगठनों के बीच समन्वय को और मजबूत करने का प्रयास है, जिससे देश में सकारात्मक परिवर्तन को गति मिले.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!