Sirohi:कमरे में मिला बेटे का शव, कॉपी के आखिरी पेज पर लिखा-तू तो मरेगा कालू

Sirohi News: रेवदर कस्बे में एक 12वीं क्लास के छात्र का शव पंखे से लटका मिला. साथ ही एक नोटबुक मिली, जिसके आखिरी पेज पर लिखा मिला कि 'तू तो मरेगा कालू'. 

Sirohi:कमरे में मिला बेटे का शव, कॉपी के आखिरी पेज पर लिखा-तू तो मरेगा कालू
Image Credit: Sirohi News

Sirohi News: सिरोही के रेवदर कस्बे में रविवार शाम 12वीं क्लास का छात्र पंखे से लटकता मिला. परिजनों ने पड़ौस में रह रहे प्राइवेट डॉक्टर पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को रविवार रात रेवदर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.

थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि रेवदर कस्बे में हनुमानजी मंदिर के पास किराए के मकान में परिजनों के साथ रहने वाले रविंद्र सिंह पुत्र धर्मवीर सिंह का शव पंखे से लटकता मिला. सूचना पर रेवदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया.

Add Zee News as a Preferred Source

सीआई ने बताया कि छात्र के पिता धर्मवीर सिंह पुत्र गोपालसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दी है कि वह रविवार शाम करीब 7 बजे सियाराम कुटिया के सामने स्थित अपनी स्टूडियो की दुकान पर था. उस समय उसके घर के पास किराए पर रहने वाला दिनेश शर्मा, जो कि खुद को बासन में प्राइवेट डॉक्टर होना बताता है, वह उसके साथ एक अन्य व्यक्ति को लेकर स्टूडियो पर आया.

उन्होंने उसके पुत्र रविंद्र उर्फ कालू(17) का एक वीडियो मोबाइल में दिखाया, जिसमें रविंद्र डरा व सहमा हुआ रो रहा था और दिनेश व उसके साथ आया व्यक्ति उसे धमका रहे थे. वीडियो में उसका नाबालिग पुत्र उनके सामने गिड़गिड़ा कर रो रहा था. उसी समय दिनेश के पास किसी का फोन आया, तब दिनेश व उसके साथ आया व्यक्ति उसे घर लेकर गए. घर पर कोई नहीं था और घर खुला था, उसी समय उसकी पत्नी किरण कंवर और बहन हेमा भी आ गए.

दिनेश और उसका साथी सभी को उसके घर के तीसरी मंजिल के कमरे में लेकर गए, वहां पर देखा तो उसका पुत्र रविंद्र ऊनी कंबल के फंदे में पंखे पर लटका हुआ था, उसके घुटने जमीन पर टिके हुए और पैर मुड़े हुए थे. देखने पर लगा कि इसके साथ किसी ने इस घटना को अंजाम दिया है. रविंद्र की नोटबुक के अंतिम पेज पर 'तू तो मरेगा कालू' भी किसी अन्य का लिखा हुआ मिला है.

उसने बताया कि बेटे को लटका देख वह घबरा गया. दिनेश ने तुरंत उसके बेटे के गले में बंधा कंबल निकाला, इतने में अड़ोस-पड़ोस के लोग भी आ गए. उस समय दिनेश और उसके साथ आया व्यक्ति भीड़ में से गायब हो गए. रविंद्र को रेवदर अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.

उसने बताया कि दिनेश की पत्नी कविता उसके घर के सभी सदस्यों को लेकर बाजार गई थी, वहां पर उनको छोड़ तुरंत वापस घर पर चली गई. उसे शक है कि दिनेश शर्मा एवं उसके साथियों व परिवार वालों ने किसी राज को छुपाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया और हत्या की है.

सूचना पर सीओ मनोज गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे. हत्या का अंदेशा देख मेडिकल बोर्ड की टीम से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. वहीं एमओबी टीम को भी बुलाया गया है. मौके पर दर्जनों ग्रामीण और पुलिस तैनात है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sirohi News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

जी राजस्थान डिजिटल राजस्थान की हर हलचल पर पैनी नज़र, सबसे सटीक, विश्वसनीय और तेज़ खबरों के लिए बने रहें. राजस्थान के आपके अपने डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म के साथ यहां पढ़ें अपने जिले की खबरें - https://zeenews.india.com/hindi/india/rajasthan खबरों के साथ जुड़े रहने के लिए हमें फॉलो करें
Read More