Karauli News: राजस्थान के करौली में नाबालिग बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व मंत्री रमेश मीणा कलेक्ट्रेट पहुंचे.

Karauli News: राजस्थान के करौली के मामचारी थाने में दर्ज नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व मंत्री रमेश मीणा कलेक्ट्रेट पहुंचे. उन्होंने जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना और एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन सौंप कर मामले मे नामजद शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवराज मीणा सहित अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. पूर्व मंत्री व पूर्व सपोटरा विधायक रमेश मीणा ने बताया कि मामचारी थाने पर 15 दिन पहले दर्ज नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म मामले में राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं हो पाई है.
पुलिस ने मामले में केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि 7 अन्य नामजद आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है. उन्होंने एक सप्ताह में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर कलेक्ट्रेट में धरने की चेतावनी दी. रमेश मीणा ने बताया कि आरोपियों द्वारा नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के बाद अश्लील वीडियो फोटो बनाकर ब्लैकमेल किया गया.
मामला दर्ज होने के 15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ केवल एक आरोपी लगा है और पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की जानी चाहिए और जल्द ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए.
इस दौरान उन्होंने सपोटरा विधायक हंसराज मीणा पर भी कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सपोटरा क्षेत्र में अवैध बजरी खनन सहित अन्य आपराधिक गतिविधियां संचालित हैं, लेकिन पुलिस राजनीतिक दबाव के चलते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर पाती है. उन्होंने अपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.