Karauli News: करौली में दर्दनाक सड़क हादसा! पांचना पुल पर ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवकों की मौत, समय सिंह और सोनू सिंह की जान चली गई. तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हुआ हादसा.
Trending Photos

Karauli News: करौली - हिंडौन मार्ग स्थित पांचना पुल पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई. हादसे में बिरवास गांव के रहने वाले समय सिंह पुत्र रामदयाल जाटव और सोनू सिंह पुत्र छोटे लाल राजपूत निवासी बिरवास की मौत हो गई.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक से मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे यह दुर्घटना हुई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा. घायल समय सिंह को उपचार के लिए करौली अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक का शव करौली के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. वहीं, सोनू सिंह के शव को लेकर परिजन और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया.
सूचना मिलते ही एसडीएम प्रेमराज मीना मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया जिसकी बाद सहमति बनी. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, एक परिजन को सरकारी नौकरी, आरोपी ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है. दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम रविवार सुबह करौली अस्पताल में कराया जाएगा. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.