&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bundi News: राजस्थान के बूंदी के इंदरगढ़ इलाके में बालाजी के दर्शन करके वापस लौट रहे पति-पत्नी सैलाब से उफनते नाले को पार कर रहे थे. इसी दौरान दोनों तेज बहाव में बह गए और वहां मौजूद लोगों ने रस्सी की मदद से दोनों को बाहर निकाला. वहीं, बाइक बह गई तेज बहाव में बह गई.
वहीं, बूंदी जिले के पापड़ी मेज नदी की पुलिया जलमग्न हो गई है, जिससे कोटा-दौसा मेगा हाईवे पर यातायात पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है. प्रशासन के अनुसार, फिलहाल पुलिया पर करीब 10 फीट पानी बह रहा है, जिससे आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है.
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिया के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है, और सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं.
प्रशासन ने मौके पर अलर्ट जारी करते हुए निगरानी बढ़ा दी है और वैकल्पिक मार्गों से आवागमन सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं. स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से इस मार्ग की ओर न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
बूंदी जिले में पिछले 50 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. हालात गंभीर होते देख नेनवा और कापरेन क्षेत्रों में सेना को मोर्चा संभालना पड़ा है. वहीं, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं फील्ड में उतरकर हालात का जायजा ले रहे हैं.
बारिश के चलते नवल सागर तालाब और जेत सागर झील ओवरफ्लो हो चुकी हैं, जिनसे राहत के लिए गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है. जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में फूड पैकेट वितरण की व्यवस्था शुरू कर दी है.
नागदी बाजार की दुकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है. कई गांवों का संपर्क मार्ग कट चुका है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Bundi News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!