&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Ramganj Mandi, Kota News: राजस्थान के कोटा जिले की रामगंजमंडी में ससुर पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के आरोप लगाने वाली एक बहू ने मंगलवार को परिजनों के साथ एसडीएम कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया.
आरोप है कि 2 अगस्त को थाने में मुकदमा और 164 के बयान होने के बाद भी आरोपी ससुर की गिरफ्तारी नहीं हुई. पीड़िता और उसके परिजन बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज हैं और खुलेआम प्रशासन पर ढिलाई का आरोप लगा रहे हैं.
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद उसका पति जयपुर में पढ़ाई करता है. इस दौरान घर में अकेले रहने पर ससुर रात को कमरे में घुसकर छेड़छाड़ करता और अश्लील हरकतें करता था. यहां तक कि नहाते समय भी झांकता था. उसने सारी बातें पति और परिवार को बताईं और आखिरकार 2 अगस्त को रामगंजमंडी थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया.
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी तीन दिन तक कोई कार्रवाई न होने पर 5 अगस्त को पीड़िता ने परिजनों के साथ एसडीएम को ज्ञापन सौंपा लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. 7 अगस्त को पीड़िता के कोर्ट में 164 के बयान दर्ज हुए, जिसके बाद पीड़िता को उम्मीद थी कि गिरफ्तारी होगी, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है.
गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित पीड़िता और उसके परिजनों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया. परिजनों का कहना है कि जब तक बेटी को न्याय नहीं मिलेगा और आरोपी जेल नहीं जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा.
Reporter- Rajendra sharma
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Kota News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!