&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले के कुन्हाड़ी क्षेत्र स्थित लैंडमार्क हॉस्टल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां 13 वर्षीय छात्रा ने हॉस्टल की पांचवी मंजिल से छलांग लगा दी. गिरते समय छात्रा बिजली के तारों में फंस गई, जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर तुरंत छात्रा को गंभीर हालत में मैत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में उसके परिजन भी अस्पताल पहुंचे और उपचार के बाद उसे अपने साथ ले गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा बिहार निवासी बताई जा रही है. कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पढ़ें कोटा जिले की एक और अहम खबर
Kota News: ट्रैक्टर पलटने से मां-बेटी की मौत
जिले के इटावा थाना इलाके में ट्रैक्टर पलटने का मामला सामने आया है. इस हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई है, जबकि पिता व पुत्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए इटावा अस्पताल लाया गया. जहां से कोटा रेफर कर दिया गया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौका स्थल और इटावा अस्पताल पहुंची, जहां पर मौका मुआयना किया गया. दूसरी तरफ दोनों मृतकों के शव को मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया है, जहां पर पंचनामे के बाद शव के पोस्टमार्टम की तैयारी है. मृतक और घायल इटावा के गैंता गांव निवासी हैं.
इटावा थाना अधिकारी संदीप बिश्नोई ने बताया कि यह लोग अपने खेत से बाहर आ रहे थे और नहर के समानांतर सड़क पर ट्रैक्टर चल रहा था. संभवत बारिश के चलते कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर फिसल गया और अनियंत्रित होकर ढलान से नीचे उतर गया और सड़क से करीब 8 से 10 फीट नीचे जाकर पलट गया. इसमें सवार चारों ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिनमें 6 साल की मीनाक्षी व 41 साल की मां रानी बाई की मौत हो गई है, जबकि 45 साल के पिता मोहनलाल और 13 वर्षीय पुत्र घायल हो गए हैं.
हादसा बुधवार दोपहर 3:30 के आसपास हुआ है. दूसरी तरफ बारिश के सीजन को देखते हुए आगामी फसल की तैयारी कर रहे इस परिवार के साथ हुए हादसे के बाद पूरे ग्रामीण गमजदा हो गए हैं. थाना अधिकारी संदीप बिश्नोई का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
रिपोर्टर- भूपेन्द्र सिंह सोलंकी
ये भी पढ़ें- Rajasthan Crime: पहाड़ी पर बकरियां चरा रहे थे बच्चे, तभी दिखा ऐसा खौफनाक मंजर कि निकल गई चीख
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Latest Rajasthan Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!