&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan Crime: राजस्थान के कोटा जिले में रामगंजमंडी क्षेत्र से एक महीने से लापता युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया. रविवार को राजपूत करणी सेना और ग्रामीणों ने शव को ट्रैक्टर में रखकर खैराबाद पुलिस चौकी के सामने स्टेट हाईवे 9B पर जाम लगा दिया.
मृतका की मां खुद ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठी है. ग्रामीणों का आरोप है कि यह हत्या का मामला है और पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी समय पर कार्रवाई नहीं की. वे मृतका की मां को मुआवजा देने और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं ग्रामीण लगातार नारेबाजी कर रहे हैं.
युवती के शव के साथ दोपहर 12 बजे ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया, जिसके बाद से अभी धारण जारी है. सूचना पर धरनास्थल पर तहसीलदार राहुल वर्मा, डिप्टी घनश्याम मीना और सीआई मनोज सीकरवार ग्रामीणों से समझाइश करने में जुटे हुए हैं, लेकिन ग्रामीण लगातार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.
सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, हालांकि पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया है. ग्रामीणों और मृतका के परिजनों का कहना है कि गोयन्दा निवासी युवती 30 दिन पहले अचानक लापता हो गई थी, उसकी मां ने बुरनखेड़ी निवासी हीरालाल धाकड़ पर बेटी को परेशान करने और जबरन ले जाने का आरोप लगाया था.
यह भी पढ़ें- पूर्व CM अशोक गहलोत की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, बेटे को दिलवाया था लीक पेपर
मृतका की मां का कहना है कि 11 जुलाई को हीरालाल उनके घर आया, उनके साथ बदसलूकी की और बेटी को जबरन उठाकर ले गया. इसके बाद उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. सीआई मनोज सीकरवार ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि युवती आरोपी हीरालाल के साथ प्रेम प्रसंग के चलते भीलवाड़ा में रह रही थी.
शनिवार रात अचानक युवती की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी हीरालाल शव को अपने गांव बुरनखेड़ी के घर लाया और फरार हो गया. शव मिलने पर युवती के हाथ में कैलूना (इंट्रावेनस कैनुला) भी लगा हुआ था. फिलहाल पुलिस मामले को शांत करने में लग रहे हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंKota Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!
Reporter- Rajendra sharma