&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Bundi News: राजस्थान के बूंदी जिले में डाबी बरड़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बुधपूरा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की हालत इन दिनों बेहद चिंताजनक है. कक्षा 1 से 11 तक संचालित इस विद्यालय में वर्तमान में 202 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है.
30-40 साल पुरानी गड़रों का इस्तेमाल
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों—भाजपा मन की बात सह संयोजक आज़ाद शर्मा, बंशी मारुभाट, मोती राकेचा, कैलाश शर्मा, रोशन सेन और मुकेश सेन—ने बताया कि विद्यालय की इमारत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. भवन की दीवारों में गहरी दरारें आ चुकी हैं, जबकि छत को सहारा देने वाली लोहे की गडरें पूरी तरह जंग खा चुकी हैं. ये गडरें करीब 30 से 40 साल पुरानी हैं और अब किसी भी समय गिरने का खतरा बना हुआ है. इस स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है.
स्कूल के आगे का हिस्सा खस्ताहाल
विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्टाफ के अनुसार, सीबीईओ अर्चना तंवर और कनिष्ठ अभियंता द्वारा विद्यालय भवन का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि भवन का आगे का पूरा हिस्सा बेहद खस्ताहाल है और उसे कक्षा-कक्ष के रूप में उपयोग में लेना असुरक्षित है. इस पर तत्काल प्रभाव से उस हिस्से का उपयोग रोकने के निर्देश दिए गए हैं.
जलनिकासी की नहीं है कोई व्यवस्था
स्कूल स्टाफ ने यह भी बताया कि विद्यालय के बाहर की सड़क ऊंची होने और समुचित जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी सीधे स्कूल में घुस आता है, जिससे कक्षाएं बाधित होती हैं और छात्रों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ता है. स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रशासन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए इसका शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, जिससे बच्चों की शिक्षा सुचारू रूप से सुरक्षित वातावरण में जारी रह सके.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Bundi News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!