&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Deedwana News: जिले के दौलतपुरा गांव में एक दलित परिवार के साथ मारपीट और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के मामले में चार दिनों बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर आज दलित परिवार की नाबालिग पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. हालांकि गनीमत रही कि परिजनों ने तुरंत ही लड़की को फंदे से उतार लिया और उसे बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने बालिका को सीकर रेफर कर दिया.
आपको बता दें कि 29 जुलाई की रात्रि को दौलतपुरा गांव में दलित परिवार के घर पर कुछ दबंगों ने घर में घुसकर परिवार के लोगों और महिलाओं के साथ मारपीट की थी. इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई.
क्या है दलित परिवार का आरोप
दलित परिवार का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे आरोपितों के हौसले बुलंद है और लगातार धमकियां दे रहे हैं. इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित महिला गीता देवी चार दिनों से पुलिस थाना और एसपी कार्यालय के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक उसकी सुनवाई नहीं हुई.
इसी बीच मारपीट और छेड़छाड़ से आहत होकर दलित परिवार की एक नाबालिग लड़की ने आज सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. इसके बाद गंभीर अवस्था में पीड़िता को बांगड़ जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे सीकर रेफर कर दिया गया.
इस मामले में दलित परिवार का आरोप है कि रिपोर्ट के बावजूद पुलिस आरोपितों पर कार्रवाई नहीं कर रही और पीड़ित परिवार पर ही समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है,
वहीं पुलिस उप अधीक्षक धरम पूनिया का कहना है कि इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है. आज इसी प्रकरण में छेड़छाड़ का एक अन्य मामला भी दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और किसी भी दोषी को बक्शा नहीं जाएगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Deedwana Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!