Pali News: राजस्थान के पाली में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची सोफिया की मौत हो गई. घर के पास खेलते समय उस पर 100 किलो का पत्थर गिर गया.
Trending Photos

Rajasthan News: पाली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आशापुरा नगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 5 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई. घर के पास खाली पड़े प्लॉट में खेल रही बच्ची के ऊपर अचानक लगभग 100 किलो वजनी पत्थर गिर गया. पत्थर के नीचे दबने से बच्ची का सिर बुरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. यह घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जब सोफिया नामक बच्ची अपने पड़ोसियों के साथ खेल रही थी.
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें करीब 8 फीट लंबा और 5 इंच मोटा पत्थर अचानक जमीन से उखड़कर बच्ची पर गिरता दिखाई दे रहा है. यह पत्थर करीब 2 फीट तक जमीन में गड़ा हुआ था और प्लॉट की बाउंड्री के रूप में खड़ा किया गया था. बच्ची पास में खेल रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से पत्थर गिर पड़ा और सोफिया का सिर उसके नीचे दब गया. पड़ोस में खेल रहे बच्चों में से एक ने दौड़कर परिजनों को सूचना दी. परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पत्थर हटाकर बच्ची को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
बांगड़ हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची का सिर पूरी तरह से क्रैश हो चुका था, उसकी स्कल बोन फट चुकी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी. पिता शाहरुख खान हादसे के समय फैक्ट्री में काम कर रहे थे. जब उन्हें हादसे की खबर मिली, तो वे तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचे. बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही वे फूट-फूटकर रो पड़े. मां सुल्ताना और दादी सायरा बानो भी सदमे में हैं.
मोहल्लेवासियों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि प्लॉट के चारों ओर खड़े खतरनाक पत्थरों को तुरंत हटाया जाए, ताकि भविष्य में कोई और मासूम इसका शिकार न बने.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ेंRajasthan Newsऔर पाएंLatest Rajasthan Newsहर पल की जानकारी। राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!