Trending Photos

Rajasthan News: पाली जिले के नाडोल गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक 4 वर्षीय बच्ची की नाक में 3 इंच लंबी सुई अटक गई. बच्ची इशिता अपनी मां डिंपल के साथ घर में खेल रही थी. खेलते समय उसके हाथ में पहने ब्रेसलेट का एक मोती अचानक नाक में फंस गया. मोती के फंसने के बाद इशिता को सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिससे मां घबरा गई.
डिंपल ने बच्ची की नाक में फंसे मोती को निकालने के लिए घर में रखी एक लंबी सुई का सहारा लिया. उन्होंने सुई के अगले हिस्से को मोड़कर मोती निकालने की कोशिश की, लेकिन यह प्रयास उल्टा पड़ गया और सुई का नुकीला हिस्सा भी नाक में फंस गया. इससे बच्ची को काफी दर्द हुआ और उसकी नाक से खून बहने लगा. बच्ची जोर-जोर से रोने लगी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.
डिंपल ने तुरंत पति विनोद को फोन किया, जो नारलाई में गार्ड की नौकरी करते हैं. पति के आने के बाद वे बच्ची को तुरंत नाडोल हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद बच्ची को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. बांगड़ हॉस्पिटल में ENT स्पेशलिस्ट डॉक्टर रोहित पांडे और उनकी टीम ने तुरंत एक्शन लिया. डॉक्टरों ने एक्स-रे के जरिए बच्ची की नाक में फंसे मोती और सुई की स्थिति देखी और ऑपरेशन करने का निर्णय लिया. ऑपरेशन के दौरान सुई और मोती दोनों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों वस्तुएं नाक के सॉफ्ट टिशू में फंसी हुई थीं, जिससे खतरा बढ़ सकता था.
सर्जरी के बाद बच्ची की हालत स्थिर हो गई है और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है. इस घटना ने यह संदेश दिया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए और किसी भी आपात स्थिति में घरेलू उपायों के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.