Bhilwara News: भीलवाड़ा में भारी बारिश के कारण बाकड़िया तालाब का पानी नई सड़क तोड़कर किसानों के खेतों में घुस गया. इससे फसलें बर्बाद हो गईं, और ग्रामीणों ने पानी निकासी के लिए बड़े नाले बनाने की मांग की है.
1/6
Bhilwara News
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की आसींद तहसील की कटार पंचायत में भारी बारिश से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है. हाल ही में बनी एक सड़क में पानी की निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण ओवरफ्लो हुआ पानी किसानों के खेतों में घुस गया, जिससे उनकी फसलें और जमीन दोनों बर्बाद हो गईं.
2/6
लाखों की सड़क बनी 'नाला'
कच्ची बस्ती विकास मंच के अध्यक्ष गोवर्धन सिंह कटार ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 6 महीने पहले कीड़ी माल से कटार पंचायत मुख्यालय तक 4 किलोमीटर की एक नई सड़क बनाई गई थी. इस सड़क के ऊपर बाकड़िया तालाब है. 6 सितंबर को भारी बारिश के कारण यह तालाब पूरी तरह भर गया.
3/6
नई सड़क
किसान संग्राम सिंह राठौड़ ने बताया कि तालाब के ओवरफ्लो का पानी इसी नई सड़क से होकर गुजरता है. सड़क बनाते समय पानी की निकासी के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई थी और एक छोटा पुराना नाला ही छोड़ दिया गया था, जो इतनी भारी बारिश का पानी नहीं संभाल सका
4/6
खेतों की दुर्दशा
जब तालाब का पानी ओवरफ्लो हुआ तो वह सड़क को तोड़ता हुआ तेजी से किसानों के खेतों में जा घुसा. पानी के तेज बहाव के साथ सड़क का मलबा, पत्थर और डामर भी खेतों में फैल गया.
5/6
फसलों का नुकसान
खेतों में पानी भर जाने से खड़ी फसलें पूरी तरह चौपट हो गईं. सड़क का मलबा और पत्थर खेतों में फैलने से जमीन की हालत खराब हो गई है, जिससे भविष्य में खेती करना मुश्किल होगा. खेतों में पानी भरने से मवेशियों के लिए चारा भी खराब हो गया है, जिससे किसानों के सामने नया संकट खड़ा हो गया है.
6/6
कार्रवाई की मांग
गांव वालों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की है. उनकी मुख्य मांग है कि तालाब के पानी की निकासी के लिए सड़क के नीचे चार बड़े नाले बनाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के नुकसान से बचा जा सके.