Sanwaliya Seth: राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र के सांवलिया सेठ के एक भक्त ने अपनी मुराद पूरी होने पर चांदी से निर्मित पेट्रोल पम्प अर्पित किया है. इसके साथ ही भक्त का पूरा परिवार मंदिर में पूरे जोर-शोर से नाचते गाते हुए पहुंचे.
1/5
मेवाड़ के आराध्य देव श्री सांवलिया सेठ के दरबार में आस्था और समर्पण का एक अद्भुत नज़ारा देखने को मिला. डूंगला निवासी एक समाजसेवी परिवार ने वर्षों पुरानी मनोकामना पूर्ण होने पर ठाकुरजी को डेढ़ किलो से अधिक चांदी से बना पेट्रोल पंप अर्पित किया और भव्य छप्पन भोग की झांकी सजाकर भक्ति का उदाहरण पेश किया.
2/5
समाजसेवी मांगीलाल जारोली ने बताया कि उनके पुत्र कुशल कुमार और सुशील कुमार ने पेट्रोल पंप खोलने के लिए आवेदन किया था, लेकिन लंबे समय तक प्रयासों के बाद भी मंजूरी नहीं मिल रही थी. इस पर उन्होंने सांवलिया सेठ के चरणों में जाकर मनोकामना की थी कि यदि उनका कार्य सफल हो गया, तो ठाकुर जी को छप्पन भोग और चांदी से बना पेट्रोल पंप समर्पित करेंगे.
3/5
कुछ ही समय में उनकी इच्छा पूर्ण हो गई और बड़ीसादड़ी क्षेत्र में ''सांवरिया फिलिंग स्टेशन'' का शुभारंभ भी हो गया. इसी कड़ी में शनिवार को जारोली परिवार DJ की भक्ति धुनों के साथ नाचते-गाते नगर भ्रमण करते हुए मंदिर पहुंचे.
4/5
वहां ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किए गए और चांदी से बनी पेट्रोल पंप की छवि भी भेंट की गई. मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा और ओसारा पुजारी ने परिवारजनों को उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया.
5/5
आपको बता दें कि सांवलिया सेठ मंदिर का खजाना हर महीने खुलता है. इसी दौरान भक्त भी अपना व्यापार का 10 फीसदी हिस्सा भगवान को अर्पित करते हैं. बीते दिनों खोले गए मंदिर के खजाने में 29 करोड़ रुपये नकद, 1 किलो सोना, 142 किलो चांदी और 15 देशों की विदेशी मुद्रा प्राप्त हुई हैं.