Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के अरनोद उपखंड के दिवाला गांव में युवक की मौत के 12 दिन के कार्यक्रम में विवाद बढ़ गया। आक्रोशित भीड़ ने मकान में आग लगाई और पुलिस दल पर लाठियों, पत्थरों व मिर्ची पाउडर से हमला किया। दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए।
1/6
प्रतापगढ़ के अरनोद खंड में हिंसा
प्रतापगढ़ जिले के अरनोद उपखंड के कोटड़ी थाना क्षेत्र के दिवाला गांव में रविवार को एक बड़ी घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, गांव में एक युवक की मौत को हुए 12 दिन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया और दो पक्षों में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गया.
2/6
मकान में लगा दी आग
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही एक मकान में आग लगा दी. घटना की सूचना पर कोटड़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस दल में कुल 5 जवान शामिल थे, लेकिन भीड़ का गुस्सा इतना उग्र हो गया कि हालात संभालना मुश्किल हो गया.
3/6
पुलिस दल पर भी हुआ हमला
ग्रामीणों ने आक्रोश में पुलिस दल पर ही हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी पर पत्थरों और लाठियों से हमला किया गया. स्थिति और भी भयावह तब हो गई जब उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया. इस हमले में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.
4/6
घायलों का इलाज जारी
घायल जवानों की पहचान बहादुरलाल और हरीश के रूप में हुई है. दोनों को गंभीर चोटें आई हैं. मौके पर मौजूद पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है.
5/6
अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात
इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना दिया है. एक ओर जहां गांव में युवक की मौत को लेकर संदेह और आक्रोश है, वहीं दूसरी ओर पुलिस पर हमला करने की वारदात ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है. प्रशासनिक स्तर पर मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है ताकि स्थिति पर काबू पाया जा सके.
6/6
युवक की हुई थी संदिग्ध हालात में मौत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक युवक की मौत संदिग्ध हालात में हुई थी, इसी वजह से लोग कार्यक्रम के दौरान भड़क उठे. वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. फिलहाल, पुलिस पर हमले और आगजनी के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.