Rajasthan Famous Foods: जब भी राजस्थान का ज़िक्र आता है, तो वहां की लजीज डिशेज का नाम खुद-ब-खुद ज़ुबां पर आ जाता है. दाल-बाटी-चूरमा तो हर किसी की फेवरेट होती है, लेकिन आज हम आपको एक ऐसी बाटी बनाना सिखाएंगे जो बिना दाल के भी ज़ायके में किसी से कम नहीं मसाला भरवां बाटी.
1/8
क्रिस्पी बाटी
बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मसालों से लबरेज ये बाटी नाश्ते या हल्की भूख में एकदम परफेक्ट रहती है. और तो और इसे बनाने के लिए ना तो तंदूर चाहिए, ना ही ओवन! आप इसे अपने किचन के आम प्रेशर कुकर में आसानी से तैयार कर सकते हैं. बच्चों को ये खूब पसंद आती है और अगर कभी अचानक मेहमान आ जाएं तो उनके सामने भी शान से परोसी जा सकती है.
2/8
बाटी के आटे के लिए जरूरी सामग्री
3 कप गेहूं का आटा, 2 बड़े चम्मच सूजी (अगर आटा मोटा है तो सूजी की जरूरत नहीं), 4 बड़े चम्मच घी, ½ छोटी चम्मच अजवाइन, ¼ छोटी चम्मच शाही जीरा, ½ छोटी चम्मच बेकिंग सोडा, स्वादानुसार नमक, थोड़ा-सा बारीक कटा हरा धनिया.
3/8
स्टफिंग के लिए
5-6 उबले हुए आलू (मैश कर लें या कद्दूकस कर लें), थोड़ा-सा हरा धनिया कटा हुआ, ½ चम्मच चाट मसाला, 1 चम्मच भुना जीरा पाउडर, ½ चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 2-3 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, स्वादानुसार नमक.
4/8
आटा कैसे गूंथें
एक बड़ी थाली या परात में गेहूं का आटा लें. उसमें सूजी, अजवाइन, शाही जीरा, नमक, बेकिंग सोडा और हरा धनिया डालें और सबको अच्छे से मिलाएं. अब इसमें घी डालें और उंगलियों से मसलते हुए आटे में मिला लें, जब तक वह मोयन जैसा हो जाए. अब धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए पूरी जैसा थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें, आटा न ज्यादा नरम हो और न बहुत सख्त. गूंथने के बाद इसे ढककर 10-15 मिनट के लिए अलग रख दें.
5/8
भरावन तैयार करने का तरीका
एक बर्तन में उबले और मैश किए हुए आलू डालें. अब इसमें हरा धनिया, जीरा पाउडर, चाट मसाला, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. सभी मसाले आलू में बराबर मिल जाने चाहिए। आपकी चटपटी स्टफिंग अब तैयार है.
6/8
बाटी बनाना शुरू करें
गूंथे हुए आटे से मध्यम आकार की लोई लें. उसे हथेली पर रखें और उंगली से बीच में गड्ढा करें, ताकि उसमें भरावन भर सकें. अब उसमें एक-डेढ़ चम्मच आलू वाला मसाला भरें. किनारों को समेटते हुए लोई को बंद करें और हाथ से गोल या अंडाकार शेप दें. इसी तरह सारी बाटियां तैयार करें. इस मात्रा से लगभग 10-12 बाटियां बन जाती हैं.
7/8
कुकर में बाटी कैसे पकाएं
अगर आपके पास बाटी स्पेशल कुकर है तो बहुत अच्छा, वरना आम प्रेशर कुकर भी चलेगा. कुकर को गैस पर हल्का गर्म करें. अब उसमें तैयार बाटियां एक-एक करके रखें. ढक्कन बंद करें लेकिन रबड़ और सीटी हटा दें. 5 मिनट बाद बाटियों को पलटें ताकि दोनों तरफ से अच्छी तरह सिकें. फिर 5-6 मिनट और पकाएं. जब चारों ओर से हल्की सुनहरी परत आ जाए, तो समझिए बाटियां तैयार हैं. इन्हें चाहे तो पिघले घी में डुबो लें, इससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा.
8/8
परोसने का तरीका
इन गरमागरम मसाला बाटियों को हरी चटनी, इमली की मीठी-खट्टी चटनी या आम के अचार के साथ परोसें. इनका कुरकुरापन और अंदर का मसालादार स्वाद हर किसी का दिल जीत लेगा. आप इसे बच्चों के टिफिन में भी रख सकते हैं या फिर शाम की गेट-टुगेदर में सबको खिलाकर वाहवाही लूट सकते हैं.