Rajasthan News: राजस्थान के कई जिलों में दिवाली के अवसर पर आगजनी और विस्फोट की घटनाएं हुईं. जैसलमेर की मार्बल फैक्ट्री में बम गिरा, बाड़मेर और जोधपुर में पटाखों से आग लगी, श्रीगंगानगर और भीलवाड़ा में फैक्ट्री व प्लॉट में आग भड़की. आइए जानते हैं दिवाली के दिन राजस्थान में कहां-कहां हादसे हुए.
1/11
Rajasthan Diwali News
जैसलमेर की रीको इंडस्ट्रीज स्थित एक मार्बल फैक्ट्री में अचानक बम गिरने से हड़कंप मच गया. बम छत पर लगे टिन सेट को तोड़ते हुए नीचे गिरा, जिससे आग लग गई. रात में फैक्ट्री में सो रहे युवक ने साहस दिखाते हुए पानी से आग बुझाई. सुबह फैक्ट्री मालिक ने पुलिस को सूचना दी. कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमदान रतनू मौके पर पहुंचे और सेना को भी सूचित किया. बम पर “51mm, ILLG” लिखा हुआ है और उस पर पैराशूट भी लगा मिला. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है.
2/11
Rajasthan Diwali News
बाड़मेर शहर में दान जी की होदी के पास बाड़े में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई दिए. सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. माना जा रहा है कि पटाखे की चिंगारी से यह आग लगी थी. गनीमत रही कि किसी की जनहानि नहीं हुई.
3/11
Rajasthan Diwali News
जोधपुर एयरपोर्ट मार्ग पर एक पटाखे की दुकान में आग लग गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. आग बुझाने के प्रयास जारी हैं, हालांकि अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है.
4/11
Rajasthan Diwali News
श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर के वार्ड 11 में एक खाली प्लॉट में और गांव 40H में PHED कार्यालय के पास सरकंडों में आग लग गई. सूचना पर दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची. गांव 40H की आग पर काबू पा लिया गया है, जबकि वार्ड 11 में आग बुझाने के प्रयास जारी हैं.
5/11
Rajasthan Diwali News
जोधपुर जिले के भदवासिया फ्रूट मंडी में आग लगने से दुकानों के बाहर रखा सामान जलने लगा. एक दुकान में भी आग फैल गई. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.
6/11
Rajasthan Diwali News
चुरू जिले के तारानगर में पटाखों का बारूद मिलाते समय जोरदार धमाका हुआ. इसमें दो बालक और एक किशोर बुरी तरह झुलस गए. तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र में खुलेआम पटाखों का निर्माण जारी है.
7/11
Rajasthan Diwali News
भीलवाड़ा जिले के आसींद के गांधी चौक स्थित अटला किराना स्टोर में देर रात अचानक आग लग गई. दुकान में रखा फर्नीचर और हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. दुकान मालिक तेजमल रांका ने बताया कि संभवतः पटाखे की वजह से आग लगी. दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई.
8/11
Rajasthan Diwali News
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाने से कुछ दूरी पर खड़ी पुरानी बस पटाखे की वजह से आग की चपेट में आ गई. बस स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी बताई जा रही है. सीओ निकेत पारीक व दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई, हालांकि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई.
9/11
Rajasthan Diwali News
अजमेर में दिवाली की रात कई जगह आगजनी की घटनाएं हुईं. मेयो लिंक रोड स्थित कोहिनूर कैफे में पटाखे की चिंगारी से आग लग गई. दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पाया गया. किसी जनहानि की सूचना नहीं है, पर कैफे का फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया.
10/11
Rajasthan Diwali News
भिवाड़ी खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री बालाजी प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में देर रात आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि सुबह तक धुआं फैलता रहा. करीब आधा दर्जन दमकल की गाड़ियों ने कई चक्कर लगाकर आग पर काबू पाया. लाखों रुपये का तैयार दाना जलकर नष्ट हो गया.
11/11
Rajasthan Diwali News
दौसा जिले में रात को तीन स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुईं. बिजोरी पुलिया के पास चार थड़ियां जल गईं, मानगंज में कचरे के ढेर में आग लगी और गोठड़ा गांव में खेत की कड़प में लपटें उठीं. पुलिस और दमकल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया. माना जा रहा है कि तीनों घटनाओं का कारण पटाखे की चिंगारी रही.