Rajasthan News: चित्तौड़गढ़ किले में 12 देशों की सुपर मॉडल्स व इन्फ्लुएंसर पहुंचे, ‘FAM Tour’ के तहत ऑटो से किले की सैर, तिरंगा फहराकर दिया देशभक्ति संदेश. राजसी स्वागत, ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण और राजस्थान की संस्कृति का विश्वभर में प्रचार किया.
1/6
सुपर मॉडल्स व सोशल मीडिया स्टार्स
राजस्थान की आन-बान-शान, चित्तौड़गढ़ का ऐतिहासिक किला और उसमें पहुंचीं 12 देशों की सुपर मॉडल्स व सोशल मीडिया स्टार्स — नज़ारा ऐसा था कि देखने वाले भी हैरान रह गए. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ‘फेम टूर’ पहल के तहत लैटिन अमेरिकी देशों से आए ये मेहमान न केवल हमारी संस्कृति में रंगे, बल्कि ऑटो में बैठकर किले की गलियों में घूमे और तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संदेश भी दिया.
2/6
दुर्ग की सवारी
जयपुर से यात्रा शुरू कर मंगलवार शाम यह रंगारंग विदेशी कारवां चित्तौड़गढ़ पहुंचा। ब्राजील, मेक्सिको, अर्जेंटीना, चिली, कोलंबिया, पेरू, पनामा, कोस्टा रिका, गुयाना, सूरीनाम, त्रिनिदाद एंड टोबैगो और जमैका — इन 12 देशों से आईं 24 हस्तियों में 4 पत्रकार और बाकी सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर व सुपर मॉडल्स शामिल हैं. मिस कोलंबिया कैटलिना विवेंटरी और मिस पेरू एंडिया रोसारियो ओर्टेगा रोजस जैसी स्टार हस्तियों ने ऑटो रिक्शा में बैठकर दुर्ग की सैर की और राजस्थानी जीवनशैली का नजदीक से अनुभव लिया.
3/6
सभी हुए मंत्रमुग्ध
कुम्भा पैलेस से शुरू हुई दुर्ग की यात्रा ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. विजय स्तंभ, जौहर स्थल, समाधेश्वर महादेव मंदिर और म्यूज़ियम — हर जगह विदेशी मेहमानों ने इतिहास की गहराई को महसूस किया. कई लोगों ने फिल्म ‘पद्मावती’ के दृश्य याद किए और कहा कि यहां आकर उन्हें गौरवशाली भारत का असली रूप देखने को मिला.
4/6
पर्यटन को मिली वैश्विक पहचान
यह यात्रा भारत सरकार की दूरदर्शी सोच का नतीजा है. विदेश मंत्रालय की ‘FAM Tour’ पहल के जरिए दुनियाभर के इन्फ्लुएंसर और पत्रकार भारत आकर यहां की विविधता, संस्कृति और इतिहास को अपनी आंखों से देखते हैं और दुनिया में इसकी खूबसूरती का प्रचार करते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस पहल ने भारत के पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाई है.
5/6
दिल खोल कर स्वागत
जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने मेहमानों का स्वागत राजसी अंदाज में किया. हर घर तिरंगा अभियान के तहत उनके हाथों से तिरंगा फहराया गया, जिसका वीडियो अब दुनिया के कोने-कोने में जाएगा. यह न केवल चित्तौड़गढ़ की शान है, बल्कि भारत की आत्मा और ऊर्जा को वैश्विक मंच पर दिखाने का अवसर भी है.
6/6
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो
किले की गलियों में गूंजते विदेशी मेहमानों के कदम, तिरंगे के साथ गूंजता भारत माता का जयकारा — यह सब भारत सरकार की उस पहल का नतीजा है, जिसने देश की सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर चमका दिया है. चित्तौड़गढ़ की मिट्टी की खुशबू और राजस्थान की रंगीन संस्कृति अब सोशल मीडिया के जरिए दुनिया के हर दिल तक पहुंचेगी.