Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का मिजाज मिला-जुला है. जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट है, जबकि बाड़मेर (42.9°C) में भीषण गर्मी है. 20 अप्रैल को एक और विक्षोभ आने की संभावना है, जो पारा और गिरा सकता है.
1/7
राजस्थान में कुदरत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां मौसम विभाग ने जयपुर और भरतपुर संभाग सहित कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है, वहीं दूसरी ओर थार के रेगिस्तान में सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है. कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले कुछ घंटों में प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में राहत मिल सकती है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान अभी भी भट्टी की तरह तप रहा है.
2/7
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, एक कमजोर विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. प्रभावित क्षेत्रों में अलवर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ हैं. इन क्षेत्रों में वज्रपात (बिजली गिरने) और झोकेदार हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी संभव है, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
3/7
बारिश के अलर्ट के बीच पश्चिमी राजस्थान के हालात काफी मुश्किल भरे हैं. बाड़मेर और जैसलमेर जैसे जिलों में पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है. IMD की 17 अप्रैल अप्रैल की लेटेस्ट अपडेट के अनुसार राजस्थान के 5 सबसे गर्म शहरों में बाड़मेर 42.9°C, जैसलमेर 42.8°C, चूरू 42.4°C, फलोदी 42.0°C और बीकानेर में 42.0°C पारा दर्ज किया गया है.
4/7
रात में सबसे कम तापमान फतेहपुर (11.8°C) में दर्ज किया गया, लेकिन दिन की गर्मी से बचने के लिए ठंडे स्थानों पर ही रहें.मौसम विभाग ने दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. आने वाले 3-4 दिनों में पारा 43 डिग्री के पार जा सकता है.
5/7
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर की तात्कालिक (सुबह 10:40 बजे) चेतावनी के अनुसार आगामी तीन घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, बीकानेर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है. वहीं कहीं-कहीं पर तेज़ हवा (20-30 kmph) चलने की भी संभावना जताई है.
6/7
बता दें कि 18-19 अप्रैल अधिकांश जिलों में मौसम दोबारा शुष्क हो जाएगा, जिससे गर्मी फिर जोर पकड़ेगी. वहीं 20 अप्रैल एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे महीने के अंत में फिर से हल्की बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
7/7
बढ़ते तापमान और हीटवेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सुझाव दिए हैं. कहा कि पानी, ओआरएस (ORS) और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें. सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें. मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लेवे, पेड़ों के नीचे शरण ना ले. मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें.